झांसी: सात दिन तक पलटे ट्रक के नीचे दबा रहा कंडक्टर का शव, मालिक व चालक हिरासत में
Jhansi News: बबीना के ईमामी के पास सात दिन पहले पलटे ट्रक के नीचे दबा रहा कंडक्टर, चालक हिरासत में
Jhansi News: बबीना थाना क्षेत्र के ईमामी के सामने अनियंत्रित होकर पलटे ट्रक के नीचे दबे कंडक्टर का शव सात दिन बाद बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने ट्रक मालिक व चालक को हिरासत में ले लिया।बताते हैं कि ट्रक क्रमांक (एनएल 01एजे-7660) बबीना थाना क्षेत्र के ईमामी के सामने एनएच-44 से गुजर रहा था, तभी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। ट्रक में चालक व मालिक गुरजोत सिंह, कंडक्टर नवतेज सिंह निवासी रामगढ़ सरदारां, थाना मलौद, जिला लुधियाना (पंजाब) तथा हेल्पर विजय निवासी जम्मू-कश्मीर सवार थे।
हादसे के बाद जब पुलिस ने कंडक्टर नवतेज सिंह के बारे में ट्रक मालिक/चालक गुरजोत सिंह से पूछताछ की तो उसने बताया था कि नवतेज को उपचार के लिए भेज दिया गया था। इसकी जानकारी के बाद पुलिस को उसके ट्रक के नीचे दबे होने की जानकारी नहीं थी। शनिवार की सुबह जब पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवा रही थी, तभी उसके नीचे नवतेज का शव दबा मिला। सात दिन तक शव ट्रक के नीचे कैसे दबा रहा और हादसे के बाद चालक ने उसे उपचार के लिए भेजने की जानकारी क्यों दी, यह जांच का विषय है। इस संबंध में बबीना थाना प्रभारी राहुल सिंह राठौर ने बताया कि ट्रक मालिक व चालक गुरजोत सिंह व हेल्पर विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पर्यटकों से भरी टूरिस्ट बस की टक्कर से श्रमिक की मौत
पर्यटकों से भरी टूरिस्ट बस ने बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ौरा चौराहा के पास सड़क पार कर रहे मजदूर को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ौरा निवासी बहोरा राजपूत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। बीती शाम घर लौटने के लिए वह बड़ौरा चौराहा पर बने कट से सड़क पार कर रहा था, तभी ललितपुर से झांसी की ओर आ रही पर्यटकों से भरी बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में मजदूर को मेडिकल कालेज लाया गया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक बस में म्यांमार के टूरिस्ट सवार थे। वह श्रवास्ती से फर्रुखाबाद में काली नदी स्थित बौद्ध तीर्थस्थल संकिसा जा रहे थे। दुर्घटनाग्रस्त बस जब्त कर ली है।
अलग- अलग स्थानों पर पांच लोगों की मौत
अलग- अलग स्थानों पर पांच लोगों की मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कछियाना पुलिया नंबर नौ निवासी राजकुमार कुशवाहा ने घरेलू विवादों से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, लखनऊ निवासी सुरेश कुमार जायसवाल को बीमारी के चलते मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ध्वानी निवासी प्रभूदयाल केवट नहाने गया था। नहाते समय वह पानी में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं, समथर थाना क्षेत्र के ग्राम लोहागढ़ निवासी प्रमोद की पत्नी कृष्णा देवी सड़क हादसे में घायल हो गई। उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। वहीं, प्रेमनगर थाना क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला है। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।