Jhansi : टहरौली पुलिस पर लगा हत्या केस दबाने का आरोप,...वाह री पुलिस, पहली तहरीर फाड़ी दूसरी लिखवाई

Jhansi News: ग्रामीणों ने किया टहरौली थाना का घेराव। पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के लगाए नारे। एक आरोपी का चाचा उपनिरीक्षक है जो करवा रहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और धाराओं में खेल।

Report :  B.K Kushwaha
Update: 2024-01-13 17:35 GMT

Jhansi News: झांसी के टहरौली थाना क्षेत्र के ग्राम धवारी में दो दिन पहले एक खेत में युवक का अर्ध नग्न अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। जिसके बाद परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस द्वारा उक्त मामले में धारा- 304 के तहत केस दर्ज किया था। तीनों आरोपियों को पकड़ कर पुलिस थाना में बैठा भी लिया गया था।

'तहरीर फाड़कर दूसरी तहरीर लिखवायी'

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टहरौली थाना क्षेत्र के ग्राम धवारी के रहने वाले 22 वर्षीय युवक मानवेंद्र अहिरवार का अर्ध नग्न शव खेत में पड़ा मिला था। जिसके बाद परिजनों ने गांव के ही रहने वाले तीन लोगों पर हत्या कर शव फेंक देने का आरोप लगाया था। बीते शुक्रवार को परिजनों ने थाना टहरौली में तहरीर दी थी। मृतक युवक के परिजनों का आरोप है कि टहरौली पुलिस द्वारा उनकी तहरीर फाड़कर दूसरी तहरीर लिखवायी। मृतक की मां प्रेमदेवी, बहन विनीता, भाई भूपेन्द्र ने टहरौली पुलिस पर गम्भीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, पुलिस द्वारा तहरीर बदलवा कर धाराओं में खेल किया है।'

एक आरोपी का चाचा पुलिस उपनिरीक्षक, कर रहा खेल 

मृतक के परिजनों का कहना था कि, उनके द्वारा तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या का आरोप लगाया गया था। लेकिन, पुलिस ने तहरीर को बदल दिया। मामला गैर इरादतन हत्या में दर्ज किया गया। मृतक युवक की मां, भाई और बहन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के तुरन्त बाद एक आरोपी के चाचा द्वारा पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने ये भी कहा कि, घटना के एक आरोपी का चाचा पुलिस में उपनिरीक्षक है, जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और धाराओं में खेल करवा रहा है। मृतक के परिजन रो रोकर बार बार आरोप लगाते रहे कि उनकी तहरीर पुलिस द्वारा बदलवा दी गयी। पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी

घटना से आक्रोशित परिजनों ने टहरौली गुरसरांय मार्ग पर ट्रैक्टर लगाकर सड़क को जाम करने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने उनको खदेड़ दिया। जिसके बाद परिजनों ने थाना के अन्दर जाकर घेराव करने का प्रयास भी किया जिसके बाद पुलिस द्वारा थाना परिसर के अन्दर से उनको भगा दिया गया। जिसके बाद परिजन थाना टहरौली के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गये। परिजनों का कहना था कि पुलिस द्वारा जानबूझकर, हत्या के मामले को गैर इरादतन हत्या के मामले में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि, पुलिस आरोपियों को बचाने का काम कर रही है। स्थानीय टहरौली पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास करती रही लेकिन परिजन धरने पर ही बैठे रहे। टहरौली पुलिस पूरे घटनाक्रम पर अपनी नजर बनाए रही। जबकि इस मामले में कानून के जानकारों का कहना है कि घटना के बाद शव मिलने पर 302 में ही मामला पंजीकृत किया जाना था, उक्त मामले में पुलिस द्वारा धारा 304 में मामला दर्ज किया जाना विसंगतियों से भरा हुआ है।

इनका कहना है

प्रभारी निरीक्षक थाना टहरौली दिनेश कुरील ने कहा कि मामले में मनोज पुत्र देवकीनंदन, दीपक पुत्र गोरेलाल और राकेश पुत्र कल्लू के खिलाफ आईपीसी की धारा- 304 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुरील ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है जिसके बाद विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जा रहा है।

इन लोगों ने दिया धरना

धरना प्रदर्शन करने वालों में मृतक युवक की मां प्रेम देवी, भाई भूपेन्द्र, बहन विनीता, सुखदेवी, रीना, राधेलाल, अरविन्द, ब्रजकुमारी, जितेन्द्र, संतोषी, दुर्गा प्रसाद, रामप्यारी, रामबाबू आदि शामिल रहे।

Tags:    

Similar News