Kannauj News: कन्नौज में हार पर भाजपा नेताओं का छलका दर्द, बताई ये बड़ी वजहें

Kannauj News: भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया का कहना है कि पूरे प्रदेश में कई सीटों पर हम चुनाव हार गये हैं। कांग्रेस-समाजवादी पार्टी के द्वारा झूठ परोसा गया कि उनकी सरकार बनने पर 8 हजार रुपये महीने में महिलाओं को दिए जाएंगे और अगर भाजपा 400 पार हो गई तो संविधान खत्म कर देगी।

Update: 2024-06-29 12:02 GMT

सांकेतिक तस्वीर। Photo- Social Media 

Kannauj News: कन्नौज लोकसभा क्षेत्र की सभी पांचों विधानसभाओं से इस बार अखिलेश यादव को जीत हासिल हुई है। जिसमें छिबरामऊ विधानसभा से 51,476, तिर्वा विधानसभा से 34,358 बिधूना विधानसभा से 40,117 रसूलाबाद विधानसभा से 9881 व कन्नौज सदर विधानसभा से 34,253 वोटों से जीत मिली है। 

इस प्रकार से इस बार लोकसभा क्षेत्र में कुल 12,18,175 वोट में से अखिलेश को 6,42,292 मत प्राप्त हुए तो वहीं भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक को 4,71,370 वोट ही मिले। इस तरह से एक लाख सत्तर हजार नौ सौ बाइस वोटों से अखिलेश ने एक ऐतिहासिक जीत कन्नौज से हासिल की। जिससे कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में इस बार के चुनाव परिणाम ने भाजपा को झकझोर कर रख दिया। क्योंकि भाजपा ने इस सीट के लिए खासतौर से मेहनत की और बूथ प्रभारियों से लेकर खुद सांसद सुब्रत पाठक ने चुनाव जीतने की कोई कसर नहीं छोड़ी जिससे जो उम्मीद भाजपा लगा रही थी उसके विपरीत चुनाव परिणाम को देखकर हर भाजपाई भौचक्का रह गया। भाजपा अब अपनी हार का ठीकरा सीधा राहुल के संविधान को लेकर जनता को गुमराह करने पर फोड़ रही है, लेकिन कुछ भाजपाई कन्नौज में हार को लेकर अलग -अलग बात कर रहे हैं। इसे लेकर न्यूज़ट्रैक टीम ने भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया से भाजपा की हार को लेकर बातचीत की जिसमें उन्होंने हार की कई वजहें बताई। भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया का कहना है कि पूरे प्रदेश में कई सीटों पर हम चुनाव हार गये हैं। कांग्रेस-समाजवादी पार्टी के द्वारा झूठ परोसा गया कि उनकी सरकार बनने पर 8 हजार रुपये महीने में महिलाओं को दिए जाएंगे और अगर भाजपा 400 पार हो गई तो संविधान खत्म कर देगी। दोनों पार्टियों के झूठ को जनता ने सच मान लिया। हालाँकि,जनता को जो जनादेश है मुझे स्वीकार है, हमें पराजय मिली है।

जिला प्रशासन पर लगाया यह आरोप

भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए बताया कि वोटिंग प्रतिशत में प्रशासन ने शायद थोड़ी बहुत गड़बड़ की है। उनका प्रतिशत कुछ जगहों पर अच्छा रहा है, हमारा कम रहा है। जिसकी शिकायत चुनाव आयोग और माननीय मुख्यमंत्री से की गई है।

भाजपा नेताओं ने न्यूज़ट्रैक से बातचीत में बताया दर्द। Photo- Newstrack

कांग्रेस और सपा ने जनता के सामने झूठ परोसा

जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि जब से मैने होश संभाला है 2014 और 2019 तक हमारा मुकाबला अखिलेश या अखिलेश के परिवार से ही होता आया तो कोई बड़ा चेहरा नही है। जो झूठ उन्होंने परोसा था शायद जनता ने उसे सच मान लिया और इसीलिए हमारी पराजय हुई और कोई वजह नहीं है। अभी समय है हमारे पास, मेहनत करेंगे और यहां पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी का परचम लहरायेंगे। जनता से कोई अपील नहीं, जनता हमारी है और उन्होंने जो झूठ परोसा उसको सच मान लिया। एक बार आग्रह करेंगे, जो कमियां हमसे हुई हैं उनको दूर करेंगे और जनता को फिर अपनी ओर लाने के लिए प्रयास करेंगे।

2027 के चुनाव की तैयारी में अभी से जुटे भाजपाई

भाजपा जिलाध्यक्ष से जब आगामी 2027 के चुनाव को लेकर बात की तो उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा तैयारी के ही मूड में रहती है। तैयारी जिस दिन लोकसभा चुनाव का परिणाम आया था, उसी दिन से शुरू कर दी थी। निश्चित रूप से कड़ी मेहनत करूंगा और परिणाम कन्नौज के सुखद आयें इसके लिए प्रयास करूंगा। लोकसभा में कोई कमी नही रही जो जनता को झूंठ बोलकर वोट लिया है जनता उनको पहचान लेगी और पुर्नवापसी भारतीय जनता पार्टी की ओर जनता करेगी। एक बार फिर कन्नौज में ही नही बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा का परचम लहरायेगा।

कन्नौज में चुनाव हारने पर क्या कहते हैं भाजपा नेता

अभी आपने भाजपा जिलाध्यक्ष की बात सुनी और अब हम उन नेताओं की बात करेंगे जो इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए जी-जान से लगे हुए थे।

व्यापारी वर्ग की नाराजगी

भाजपा नेता पवन त्रिवेदी ने बताया कि कन्नौज में पूरा हर जगह जैसे कन्नौज जिला पंचायत अध्यक्ष भी भाजपा का ही था और कन्नौज में हमारे विधायक जी भी थे। इसके बावजूद भी हम लोग हार गये तो उसका मुख्य कारण है कि मुख्यमंत्री अर्थात बाबा योगी आदित्यनाथ का कन्नौज पर ध्यान न देना। कन्नौज में कोई भी शिलान्याय न करना, पुरानी योजना को आगे न बढ़ाना और व्यापारियों को परेशान करना और प्रशासन के लोगों पर ज्यादा ध्यान देना जिससे प्रशासन ने अपनी मनमानी की और धन उगाही की जिससे जनता रूष्ट हो गई और जनता ने अखिलेश यादव को वोट दिया।

अखिलेश के काम को देखकर जनता ने किया वोट

भाजपा नेता विपिन मिश्रा का कहना है कि भाजपा की हार का कारण समझ में नही आ रहा है। उन्होंने हार का लोकल कारण बताते हुए कहा कि सुब्रत पाठक ने कुछ नहीं किया यह जनता के बीच बात हुई और दूसरा कारण कि यह बात उड़ी की संविधान खत्म हो जायेगा। इस तरह का प्रचार भी हुआ कि सांसद रहकर इन्होंने यहां कुछ नहीं किया और जनता से सम्पर्क भी नहीं रहा। दूसरा अखिलेश ने कन्नौज में जो काम किया है उसको देखकर भी जनता ने अखिलेश को वोट दिया। व्यापारी के लिए भी अखिलेश ने काम किया कन्नौज मे इत्र व्यापारियों को भी अखिलेश सरकार में राहत मिली थी यह भी एक कारण है ।

युवा और स्थानीय कार्यकर्ता रहे नाराज

कन्नौज जिले की छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र के मण्डल प्रभारी रामेन्द्र त्रिपाठी का कहना है कि कन्नौज हारने के कई कारण हैं। जिसमें से हम मुख्य-मुख्य बिन्दुओं पर चर्चा करना चाहते हैं। सबसे पहले पहली कमी यह है कि जबसे योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी कानून व्यवस्था अच्छी रही मै मानता हूॅं, लेकिन कार्यकर्ताओं को थाने से बेइज्जत करके भेजा गया यह सबसे बड़ी कमी, पुलिस ने सुना नहीं, ब्लॉक में सुना नहीं गया, तहसीलदार तक ने कार्यकर्ताओं के फोन काटे। तहसीलदार तक का निरंकुश हो जाना शासन सत्ता का एक कारण रहा है और दूसरा कारण ज्यादातर लोग जनप्रतिनिधियों से परेशान रहे कि वह फोन नहीं उठाते हैं। रोजगार सरकार ने नहीं दिया यह कारण भी रहा। जिससे युवा नाराज हुआ, कार्यकर्ता नाराज हुआ यही दो मुख्य वजह रही।

Tags:    

Similar News