Lakhimpur Kheri News: पलिया-दुधवा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, वैगनार की टक्कर से दो किशोरों की मौत

Lakhimpur Kheri News: पलिया-दुधवा मार्ग के फरसहिया तिराहे पर वैगनार की टक्कर से दो किशोरों की मौत, तीन अन्य घायल; पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

Update:2026-08-15 15:10 IST

पलिया-दुधवा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, वैगनार की टक्कर से दो किशोरों की मौत, तीन घायल (Photo- Newstrack)

Lakhimpur News:  पलिया-दुधवा मार्ग पर फरसहिया गांव के तिराहे के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार किशोरों को एक वैगनार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

फरसहिया तिराहे के पास हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, राजा टापर पटीहन निवासी पांच किशोर बाइक से फरसहिया गांव के तिराहे के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पलिया की ओर से दुधवा की तरफ जा रही वैगनार कार संख्या HR 55 AW 5756 ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सभी किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

दो किशोरों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

कोतवाली प्रभारी पलिया शिवाजी दुबे के अनुसार, पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पलिया पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने आनंद लोध (13) और शिवा नाई (16) को मृत घोषित कर दिया।वहीं हादसे में घायल रोहित पासवान (16), अनिकेत (17) और अतीश (17) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय खीरी रेफर किया गया है। तीनों का उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पलिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में शामिल वैगनार कार को चिन्हित कर लिया गया है। वाहन चालक की पहचान अनिल सोनार निवासी इन्द्रेश गंज, नई दिल्ली के रूप में बताई गई है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं दो किशोरों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया है। गांव में भी शोक का माहौल है।

हादसे के बाद परिवारों में मचा कोहराम

कम उम्र में दो किशोरों की मौत ने परिवार और ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News