Lucknow Weather Today: लखनऊ में सुबह-शाम सताएगी सर्दी, अभी और गिरेगा तापमान.. धूप-बादल की आंख मिचौली

Lucknow Ka Mausam 02 February 2023: लखनऊ में इस हफ्ते बर्फीली पछुआ हवाओं का असर देखने को मिलेगा। शुक्रवार तक रात के तापमान में 3 डिग्री गिरावट दर्ज होगी।

Written By :  aman
Update: 2023-02-02 01:31 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 02 February 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का मौसम लगातार बदल रहा है। बीते दो हफ़्तों में राजधानीवासियों ने कड़ाके की सर्दी, खिली धूप, बारिश और बर्फीली हवाओं का दौर देखा। लखनऊ के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले दो दिनों से खुशनुमा मौसम लोगों को राहत दे रहा था कि बुधवार को आसमान में एक बार फिर बादलों की उमड़-घुमड़ देखने को मिली। पछुआ सर्द हवाएं ठंड को बरकरार रखे हुए है।

राजधानी लखनऊ में गुरुवार (2 फरवरी) को भी 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो आने समय में अभी तापमान और गिरेगा। दोपहर में धूप की वजह से ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। लेकिन, सुबह-शाम के वक्त ठंड का सामना करना पड़ेगा।

लखनऊ में अभी और गिरेगा पारा

लखनऊ में बारिश के बाद मौसम खुशगवार हुआ था, मगर फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो. दानिश की मानें तो राजधानी में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जाएगी। शहर का न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान जताया जा रहा है। लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने के लिए मिल रहा है। मोहम्मद दानिश ने बताया कि, राजधानी में आने वाले दिनों में फिलहाल कोई बड़ा मौसमी बदलाव होता नजर नहीं आ रहा। शाम के बाद पारा तेजी से नीचे चला जाता है। लखनऊ में रातें अभी भी सर्द हो रही है।


पछुआ हवाओं ने बढ़ाई सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन चढ़ने पर अधिकतम तापमान ऊपर जाएगा। लेकिन, शाम होते ही तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) के प्रभाव से लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं (North-Westerly Winds) का प्रभाव देखा जा रहा है। पहाड़ी राज्यों से चलने वाली इन सर्द हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट देखी जा रही है।

इस हफ्ते सुबह-शाम ठंड का एहसास

मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि, राजधानी लखनऊ ही नहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी फरवरी के पहले सप्ताह में सुबह और शाम को ठंड का अहसास होगा। इस हफ्ते हवा की रफ्तार सामान्य दिनों की तुलना में दोगुना से भी अधिक होगी। हालांकि, गुरुवार के बाद इसकी गति थोड़ी कम हो सकती है। सप्ताह भर मौसम शुष्क रहेगा। आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह धूप खिलेगी, मगर बर्फीली हवाओं का असर भी रहेगा। शुक्रवार तक रात के तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिन का तापमान वैसा ही रहेगा, जैसा अभी है।

Tags:    

Similar News