धनंजय सिंह पर अखिलेश का बुलडोजर...! सरकार पर जमकर गरजे, कहा- 'ये ज़माना CBI नहीं, बुलडोजर का है'

Akhilesh Yadav PC Today: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कफ सिरप मामले में धनंजय सिंह पर तीखा हमला किया और यूपी सरकार की बुलडोजर नीति व SIR प्रक्रिया की आलोचना की। उन्होंने कहा, "ये ज़माना CBI नहीं, बुलडोजर का है" और चुनाव आयोग व बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए।

Update:2025-11-29 14:57 IST

Akhilesh Yadav Press Conference (Photo Credit: Ashutosh Tripathi)

Akhilesh Yadav slams Dhananjay Singh: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ताबड़तोड़ हमले किए। उन्होंने हाल ही में कफ सिरप विवाद में घिरे पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर तीखा पलटवार किया और राज्य में चल रहे सिस्टेमैटिक इन्क्वायरी एंड रिव्यू (SIR) प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने माफिया के ख़िलाफ़ बीजेपी के 'बुलडोजर मॉडल' पर सवाल उठाते हुए धनंजय सिंह मामले को लपका और कहा, "ये ज़माना CBI का नहीं है, ये ज़माना बुलडोजर का है... बुलडोजर कहाँ है? बुलडोजर कब चलेगा?"


धनंजय सिंह पर सबसे तगड़ा पलटवार

अखिलेश यादव ने कफ सिरप मामले में आरोपी के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद CBI जांच की मांग कर रहे धनंजय सिंह पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लखनऊ में मुख्यमंत्री के ऑफिस में बैठकर जो माफिया का काम कर रहा था, उसका एक पार्टनर दुबई भाग गया है, और वो (धनंजय सिंह) खुद कहाँ भागे हैं, यह पता नहीं है। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी का 'डबल इंजन' सरकार भ्रष्टाचार में डूबा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब बीजेपी के अपने लोग माफियाओं के साथ काम कर रहे हैं, तो बुलडोजर कहाँ चला गया है? यह पलटवार बीजेपी के उस नैरेटिव पर सबसे बड़ा हमला है, जिसमें वह अपराधियों के ख़िलाफ़ बुलडोजर चलाने का दावा करती है।


SIR पर BJP-चुनाव आयोग की मिलीभगत

समाजवादी पार्टी के मुखिया ने राज्य में चल रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "यह जो SIR आखिरकार BJP जल्दबाजी में क्यों है? चुनाव आयोग और BJP दोनों मिले हुए हैं।" अखिलेश ने तर्क दिया कि उत्तर प्रदेश में इस समय लगातार शादियाँ हो रही हैं, और लोग शादियों की तैयारी और आना-जाने में व्यस्त हैं। ऐसे में इतने कम समय में पूरे प्रदेश का एसआईआर कराना और वह भी अकुशल कर्मचारियों से, यह दिखाता है कि बीजेपी जल्दबाजी में है।


उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर लोगों के आरक्षण और अधिकारों को छीना जाएगा। उन्होंने दावा किया कि "भाजपा जो चाहती थी, चुनाव आयोग वो करता है। उप-चुनाव में भी हमने चुनाव आयोग के काम को देखा है कि कैसे बूथ लूटने दिया गया।" उन्होंने इसे लोकतंत्र खत्म करने की साजिश बताया।

बीएलओ की मौत का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने एसआईआर प्रक्रिया में लगे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की मौतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कल फतेहपुर में मृतक बीएलओ के परिवार से मुलाकात का ज़िक्र करते हुए कहा कि मृतक पर जल्दी काम करने का दबाव बनाया जा रहा था, और इसी दबाव में उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने लखनऊ के मलीहाबाद के मृतक बीएलओ विजय कुमार की पत्नी को दो लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ितों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि और बाकी सरकारी सुविधाएँ दी जाएँ। अखिलेश ने दावा किया कि एसआईआर में लगे बीएलओ पर अधिकारी भारी दबाव बना रहे हैं, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए, क्योंकि यह बेहद संवेदनशील मामला है।



Tags:    

Similar News