Lucknow News: सीएम योगी ने किया आम महोत्सव का शुभारंभ, 58 वर्गों में होगी प्रतियोगिता

Lucknow News: लखनऊ में आज सीएम योगी ने आम महोत्सव का शुभारंभ किया। इस महोत्सव में देश के तमाम हिस्सों के किसान शामिल हुए हैं।

Newstrack :  Network
Update: 2024-07-12 08:45 GMT

 आम महोत्सव का शुभारंभ करते सीएम योगी। (Pic: Newstrack)

Lucknow News: लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में आज सीएम योगी ने आम महोत्सव का शुभारंभ किया। 12 से 14 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव के शुभारंभ के दौरान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। महोत्सव की तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी। कल बृहस्पतिवार की शाम उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह एवं कृषि उत्पादन आयुक्त डा. देवेश चतुर्वेदी ने आम महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश भी दिया था। महोत्सव में आए लोगों को किसी तरह की समस्या न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। 


58 वर्गों में होगी प्रतियोगिता

14 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में आम की विभिन्न प्रजातियों और आम से बनने वाले पदार्थों की प्रतियोगिता हो रही है। ये प्रतियोगिता सात श्रेणी के 58 वर्गों में कराई जा रही है। साथ ही इस महोत्सव में तमाम संस्थाएं आम की 800 प्रजातियों का प्रदर्शन कर रही हैं। इस महोत्सव में 1317 प्रतिभागियों के 2350 नमूने प्रदर्शित किए जाएंगे। आम संरक्षित पदार्थ वर्ग में 90 प्रतिभागियों द्वारा 310 नमूने, आम पकवान में तीन प्रतिभागियों द्वारा 10 नमूने प्रदर्शित किए जाएंगे। महोत्सव में आम विविधता प्रदर्शनी में 120 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन होगा। आमंत्रण (क्रेता-विक्रेता बैठक), आम खाने की प्रतियोगिता, प्रशिक्षण सेमीनार विशेष आकर्षण होंगे।


5 हजार किसान ले रहे हैं भाग

इस महोत्सव में 5 हजार से अधिक किसान भाग ले रहे हैं। इसमें तमाम प्रगतिशील किसानों ने आम की प्रदर्शनी लगाई है। 100 से ज्यादा किसान स्टॉल लगाकर आम की बिक्री करे रहे हैं। आम बेचने वाले सर्व श्रेष्ठ स्टॉल और आम की प्रजाति का उत्पदान करने वाले किसान को पुरस्कार से सम्मानित भी किया जाएगा। तीन दिवसीय आम महोत्सव में उत्तर प्रदेश ही नहीं देश के अन्य प्रदेशों के किसान, बागवान, स्टेकहोल्डर, निर्यातक भी शामिल हो रहे हैं।   

Tags:    

Similar News