Lucknow Crime News: रिटायर्ड IRS अधिकारी के घर नाबालिग को पीटने वाले आरोपी का हवाई फायरिंग करते वीडियो वायरल

Lucknow Crime News: विशाल खंड में रिटायर्ड IRS अफसर के घर नाबालिग किशोरी को पीटने वाले आरोपी प्रबल प्रताप सिंह निवासी नीलगांव सीतापुर का अब हवाई फायरिंग करते एक वीडियो वायरल हुआ है।

Report :  Santosh Tiwari
Update:2024-07-08 21:04 IST

Lucknow Crime News: राजधानी के गोमती नगर के विशाल खंड में रिटायर्ड IRS अफसर के घर नाबालिग किशोरी को पीटने वाले आरोपी प्रबल प्रताप सिंह निवासी नीलगांव सीतापुर का अब हवाई फायरिंग करते एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में आरोपी के साथ कई अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं और ये वीडियो किसी महिला के जन्मदिन का बताया जा रहा है। 13 सेकंड के इस वीडियो की शुरुआत में सबसे पहले एक अधेड़ महिला केक काटती नजर आ रही है। जिसके बाद कोई अज्ञात व्यक्ति रिवाल्वर से फायरिंग कर रहा है। इसके तुरंत बाद आरोपी प्रबल प्रताप सिंह पुत्र संजय प्रताप सिंह रिवॉल्वर हाथ में लिए लहराता नजर आ रहा है। इसके बाद डबल बैरल बन्दूक से आरोपी प्रबल हवा में फायरिंग करता दिख रहा है। वीडियो सर्दियों का बताया जा रहा है। फ़िलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। 

एक्स पर पोस्ट कर यूजर ने लखनऊ पुलिस को किया टैग

फायरिंग के वीडियो पोस्ट करते हुए एक्स पर एक यूजर ने लिखा कि ''लखनऊ के गोमती नगर के विशाल खंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक युवती को कमरे में थप्पड़ मारते हुए दिखाई पड़ा था। युवक का नाम प्रबल प्रताप सिंह था देखिए उसका रौब जो वायरल है।'' यूजर ने आगे लिखा कि बाप-बेटे अधिकारियों और युवतियों को ब्लैकमेल कर जमीन और घर कब्जा करते हैं। इसके साथ ही पोस्ट में लखनऊ पुलिस को भी टैग किया गया है। फ़िलहाल इस पर लखनऊ पुलिस की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

किशोरी से मारपीट व छेड़छाड़ के मामले में फरार है प्रबल

बताते चलें कि 12-13 जून की रात आरोपी विशाल खंड में रिटायर्ड अफसर के घर में अवैध कब्जे की नीयत से अपने साथियों के साथ घुस गया था। बेडरूम में जाकर उसने लखीमपुर के धौरहरा निवासी किशोरी से गाली गलौच की। इसके बाद उसके पिता संजय प्रताप सिंह ने भी किशोरी को फोन पर गलियां दी। किशोर ने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपी ने उसे बुरी तरह पीटा। किशोरी ने इस घटना का वीडियो भी बनाया था। हालाँकि वीडियो बनने की जानकारी पर आरोपी ने किशोरी का फोन छीनकर तोड़ दिया और बाद में उसके कपड़े फाड़कर जबरदस्ती करने का प्रयास भी किया। पीड़िता के चाचा ने इस बात की सूचना पुलिस को दी थी जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पॉक्सो समेत अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा

मूलरूप से लखीमपुर जिले के धौरहरा की रहने वाली किशोरी विशाल खंड में अपने चाचा के घर रहकर पढाई करती है। उसके चाचा सेवानिवृत्त IRS हैं। पीड़िता ने गोमती नगर ठाणे में मामले की लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रबल प्रताप सिंह उसके पिता संजय प्रताप सिंह समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से प्रबल अपने अन्य साथियों के साथ फरार है। वहीं, पुलिस ने उसके पिता को गिरफ्तार किया है।

Tags:    

Similar News