Lucknow News: गोमती नगर रेलवे स्टेशन का बदलेगा नाम, पूर्व PM के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास, शहर में ये बड़े बदलाव

Lucknow News: रेलवे स्टेशन का नया नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर रखा जाएगा। मेयर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई है।

Report :  Jugul Kishor
Update: 2023-12-21 07:04 GMT

गोमती नगर रेलवे स्टेशन (सोशल मीडिया)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित गोमती नगर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने का प्रस्ताव नगर निगम से पास हो गया है। रेलवे स्टेशन का नया नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर रखा जाएगा। मेयर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई है।

राजधानी में होंगे ये बड़े बदलाव

महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का नाम अटल बिहारी के नाम पर होगा। मौलवीगंज में रिमकी लांड्री के पास अमर शहीद अहमद उल्लाशाह द्वार बनेगा। हुसैनगंज चौराहे का नाम महाराणा प्रताप चौराहा के नाम से जाना जाएगा। अमीनाबाद कॉलेज के पास छत्रपति शिवाजी महराज की मूर्ति लगायी जाएगी। सेक्टर सी अल्कापुरी अलीगंज के मार्ग का नाम डॉक्टर विंदेश्वर पाठक होगा। कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड के पास राजाजीपुरम एक ब्लॉक में राधाकृष्ण मैरिज लॉन के सामने चौराहे का नाम प्रज्ञान चंद्रयान तीन चौराहा होगा। कश्मीरी मोहल्ला में मौलाना मोहम्मद अतहर द्वारा बनाया जाएगा। सरोजनीनगर में शहीद मेजर दुर्गामल्ल, महानगर गोलमार्केट के पास राम सिंह ठाकुरी की मूर्ति लगेगी।

किन्नरों के अलग से बनेगा शेल्टर होम

राजधानी में किन्नरों के लिए अलग से शेल्टर होम बनाया जाएगा। केंद्र सरकार ने इनके लिए अलग से शेल्टर होम बनाने का निर्देश दिया है। नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि जो शेल्टर होम बने हैं, उसी में एक किन्नरों के लिए आरक्षित कर दिया जाएगा। उन्होने कहा कि जल्दी ही तय हो जाएगा कि किन्नरों के लिए कौन सा शेल्टर होम आरक्षित है।

बता दें कि इससे पहले भी कई रेलवे स्टेशनों के नाम बदले जा चुके हैं। यूपी के फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया गया था। इलाहाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर प्रयागराज जंक्शन कर दिया गया था। प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम मां भेला देवी धाम किया गया था। वहीं, मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलवे जंक्शन किया गया था। इसके बाद राजधानी के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के नाम को बदलने का प्रस्ताव पास किया गया है।

Tags:    

Similar News