UP News : सीएम योगी ने दिया बड़ा आदेश, राजस्व विभाग में जल्द होंगी भर्तियां

Lucknow News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रिक्तियों को भरने के निर्देश दिए हैं।

Report :  Rajnish Verma
Update:2024-09-13 21:24 IST

Lucknow News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजस्व विभाग में रिक्त पदों को भरने का निर्देश दिया है। इसके तहत लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार और लिपिकीय संवर्ग के पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही सीएम ने बंदोबस्त आयुक्त नगरीय और ग्रामीण के पदों को सृजित करने का आदेश दिया है। वहीं, राजस्व विभाग में लंबित पदोन्नति की प्रक्रिया को पूरा करने का निर्देश दिया है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजस्व विभाग के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभागीय मानव संसाधन और कामकाज को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्ती किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह विभाग आमजन से सीधे जुड़ा हुआ है। जमीन पैमाइश, खतौनी, खरौनी, पट्टा, सर्वे और आय, जाति व निवास प्रमाणपत्रों सहित कई कार्य होते हैं, जिनका समय से निस्तारण किया जाना जरूरी है। 

लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों को मिलेगा भत्ता

उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के बदलते स्वरूप और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए दक्ष युवाओं की आवश्यकता है। ऐसे में उनकी तैनाती की जानी चाहिए, जो नवीनतम तकनीक में दक्ष हों। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों (लेखपाल और राजस्व निरीक्षक) को क्षेत्र में भी जाना पड़ता है, इसलिए उन्हें उचित भत्ता भी दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर कार्यदक्षता को बढ़ाने के लिए नायब तहसीलदार को चार पहिया भी उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ जीपीएस संबंधित कामों के और बेहतर बनाने के लिए लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों को नए टैबलेट दिए जाएं।

सीएम ने राजस्व कर्मियों के प्रशिक्षण पर दिया जोर

सीएम योगी ने राजस्व विभाग और राजस्व परिषद के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े कार्यों को समय से और मेरिट के आधार पर जल्द से जल्द निस्तारित किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ा कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने राजस्व कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया।

Tags:    

Similar News