Lucknow Nagar Nigam: निर्विरोध हुआ नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव, भाजपा से पांच, सपा से एक सदस्य निर्वाचित

Lucknow Nagar Nigam: नगर निगम की कार्यकारिणी के रिक्त चल रहे छह पदों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा ने पांच और सपा ने एक प्रत्याशी की घोषणा की थी।

Newstrack :  Network
Update: 2024-07-15 08:16 GMT

निर्विरोध हुआ लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव (सोशल मीडिया)

Lucknow Nagar Nigam: लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी के रिक्त चल रहे छह पदों पर भारतीय जनता पार्टी के पांच और समाजवादी पार्टी के एक उम्मीदवार को निर्विरोध चुन लिया गया है। कांग्रेस ने इन पदों के लिए प्रत्याशी नहीं उतारा था। नगर निगम की कार्यकारिणी के रिक्त चल रहे छह पदों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा ने पांच और सपा ने एक प्रत्याशी की घोषणा की थी। उल्लेखनीय है कि नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी के छह सदस्य 14 जून को लाटरी डालकर रिटायर किए गए थे।

छह सदस्यों के रिटायर होने के बाद रिक्त हुई सीटों पर चुनाव होना था। जो छह सदस्य रिटायर हुए, उनमें भाजपा के पांच और सपा का एक सदस्य शामिल था। उसी हिसाब से इन दोनों दलों ने उम्मीदवार तय किए थे। जिससे क्रॉस वोटिंग और चुनाव की स्थिति न हो। भाजपा के जिन उम्मीदवारों को चुना गया है उनमें बाबू जगजीवन राम वार्ड के पार्षद भृगुनाथ शुक्ला, कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड की गौरी सांवरिया, मोती लाल नेहरू चंद्रभानु गुप्त वार्ड की चरनजीत गांधी, बाजार कालीजी चौक के अनुराग मिश्रा अन्नू और खरिका प्रथम वार्ड के कृष्ण कुमार का नाम शामिल हैं।

वहीं, सपा की अंबरगंज वार्ड की पार्षद सबा अहसन को निर्विरोध चुना गया है। सदन में कांग्रेस के केवल तीन पार्षद हैं। ऐसे में वह चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं थी। बीते वर्ष मुकेश सिंह चौहान ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। लेकिन चुनाव के लिए ऐन मौके पर पर्चा दाखिल नहीं किया। वहीं, बसपा से अमित चौधरी सदन में अकेले पार्षद थे। जोकि तीन माह पूर्व भाजपा में शामिल हो चुके हैं।  

Tags:    

Similar News