Meerut News: कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, बोलेः नहीं होने देंगे गांधी आश्रम की भूमि पर कब्जा

Meerut News: जिला अध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि आज गांधी जयंती पर हम सभी कांग्रेस जन ये प्रण लेते हैं कि किसी भी कीमत पर भूमाफियाओं को गांधी आश्रम की भूमि पर कब्जा नहीं होने देंगे।

Report :  Sushil Kumar
Update:2024-10-02 14:25 IST

कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि (न्यूजट्रैक)

Meerut News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री व स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद मसूरिया दीन पासी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अवनीश काजला के नेतृत्व व शहर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के संयोजन में गढ़ रोड स्थित गांधी आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद शहर में प्रभात फेरी निकाली गई। वहीं गांधी आश्रम पर कार्यक्रम के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर भी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करके श्रद्धांजली अर्पित की गई।

इस अवसर पर गांधी आश्रम परिवार के सदस्यों ने अपने परिवारां के साथ बढ़-चढ़कर के हिस्सेदारी की। कार्यक्रम में मौजूद लोगो को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि आज गांधी जयंती पर हम सभी कांग्रेस जन ये प्रण लेते हैं कि किसी भी कीमत पर भूमाफियाओं को गांधी आश्रम की भूमि पर कब्जा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के लोगो से मिलीभगत कर भूमाफिया गांधी आश्रम पर कब्जा करना चाहते है जिसे हम किसी भी कीमत पर होने नहीं देंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि मेरठ के लिए यह गौरव व सौभाग्य की बात है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री अनेक बार मेरठ आए, मेरठ का इतिहास उनकी यादों को अपने अंदर समाये हुए हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने दुनिया को सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह जैसे अनमोल विचारों के साथ यात्राओं का महत्व समझाया था। वे मानते थे कि अपनी जनता का दुख दर्द समझने के लिए उनके बीच जाना और उन्हें समझना अत्यंत आवश्यक है। आज जब हर दिन समाज को बांटने के लिए तरह-तरह के प्रयास किए जा रहे हैं, तब इन विचारों को साकार करना ही देश के प्रति सच्चा कर्तव्य है और यही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन अंबेडकर,बाबू चमन लाल, धूम सिंह गुर्जर, महेश पंत चंद्रशेखर गुप्ता ,हरीश त्यागी, विनोद सोनकर,तेजपाल डाबका ,अनंत देव कौशिक, प्रेमचंद, भोला यादव, अमित गोयल,सत्यप्रकाश शर्मा,नवीन गुर्जर,सुमित विकल,महेंद्र गुर्जर, सोनू प्रजापति, सरताज चौधरी, अनिल प्रेमी, नईम राणा, नसीम राजपूत, समसुद्दीन चौधरी, दयाचंद जाटव, इरशाद अंसारी, केडी शर्मा, सबिला खान, फरहान चौधरी, टीकम आदि कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

वहीं पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव चौधरी यशपाल सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शत्-शत् नमन करते हुए कहा कि गांधी जी का जीवन आत्मसंयम, निस्संगता और ममता का सजीव उदाहरण है। उनकी तालीम हमें यह सिखाती है कि असली शक्ति अहिंसा, प्रेम और करुणा में निहित होती है और शास्त्री जी ने अपने साधारण जीवन और असाधारण विचारों से देश को एक नई दिशा दी। ’जय जवान, जय किसान’ का उनका मंत्र केवल एक नारा नहीं बल्कि देश के जवानों की वीरता और किसानों की मेहनत का सम्मान था। उनके विचार और कर्म आने वाली पीढ़ियों को सदा मार्गदर्शन देते रहेंगे।

Tags:    

Similar News