Meerut News: इमरान मसूद के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें फिर हुई तेज

Meerut News: बसपा से निष्कासन के बाद से पूर्व विधायक इमरान मसूद के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं शुरू हो गई थी। इमरान मसूद के हालिया बयानो ने भी इन अटकलों को हवा देने का काम किया है।

Report :  Sushil Kumar
Update:2023-10-04 21:23 IST

Meerut News (Pic:Social Media)

Meerut News: बसपा से निकाले गये इमरान मसूद घर वापसी यानी कांग्रेस में लौटने की कोशिश में हैं। चर्चा है कि सात अक्तूबर को इमरान मसूद दिल्ली में कांग्रेस ज्वॉइन करेंगे। बता दें कि बसपा से निष्कासन के बाद से पूर्व विधायक इमरान मसूद के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं शुरू हो गई थी। इमरान मसूद के हालिया बयानो ने भी इन अटकलों को हवा देने का काम किया है।

कुछ दिन पहले ही मुजफ्फरनगर में इमरान मसूद ने कांग्रेस में जाने की अपनी अटकलों को हवा देते हुए कहा कि कि मुसलमानों को एकजुट होकर कांग्रेस का समर्थन करना चाहिए। मुसलमानों के लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। मसूद ने कहा कि इस समय देश में दो ही विचारधारा रह गई हैं। यानी कांग्रेस और भाजपा। उन्होंने कहा कि यदि मुसलमान कांग्रेस में वापस लौट आए तो ब्राह्मण, दलित और अन्य पिछड़ा वर्ग भी कांग्रेस में लौट आएगा।

बता दें कि इमरान मसूद को कई मौकों पर राहुल गांधी की तारीफ करने के कारण ही बसपा से निकाले गये थे। बीते 10 सितंबर को उन्होंने अपने समर्थकों की एक पंचायत भी बुलाई थी जिसमें उन्हें वापस कांग्रेस में लौटने की सलाह दी गई थी। इमरान मसूद के करीबी की मानें तो इस करीबी के अनुसार इमरान मसूद की दिल्ली में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं से कांग्रेस में शामिल होने के संबंध में बात भी हो चुकी है। बस,प्रियंका गांधी की हरी झंडी दिखाने की देर है। प्रियंका गांधी की स्वीकृति मिलते ही कांग्रेस का दरवाजा उनके लिए एक बार फिर से खुल जाएगा।

दरअसल,बसपा से निष्कासन के बाद पूर्व विधायक इमरान मसूद की सियासी गाड़ी मझधार में फंसी हुई है। इमरान मसूद ने यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले जनवरी में पाला बदला था। तब उन्होंने कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थामा था। तब उन्होंने कहा था कि राज्य में सीधा मुकाबला सपा और बीजेपी के बीच है, इसलिए वह समाजवादी पार्टी में जा रहे हैं। लेकिन,फिर सपा भी उन्हें रास नहीं आई। अक्टूबर 2022 में मसूद ने सपा का साथ छोड़कर बहुजन समाज पार्टी को जॉइन कर लिया। लेकिन यहां भी अब एक साल से भी कम वक्त में मसूद को बसपा से निकाल दिया गया।

Tags:    

Similar News