Meerut News: एमडीएम की थाली पर डिजिटल नजर, रोज अपलोड होंगी पांच तस्वीरें
Meerut News: प्रेरणा एप पर भोजन और बच्चों की तस्वीरें अपलोड करना होगा अनिवार्य, फल और दूध वितरण का फोटो भी भेजेंगे प्रधानाध्यापक, गुणवत्ता और वितरण की होगी निगरानी।
एमडीएम की थाली पर डिजिटल नजर, रोज अपलोड होंगी पांच तस्वीरें (Photo- Social Media)
Meerut News: परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की व्यवस्था अब डिजिटल निगरानी के दायरे में होगी। स्कूलों में बच्चों को क्या भोजन परोसा जा रहा है और उसका वितरण किस तरह हो रहा है, इसकी हकीकत अब तस्वीरों के जरिये भी परखी जाएगी। शासन ने प्रधानाध्यापकों के लिए प्रतिदिन अधिकतम पांच तस्वीरें प्रेरणा डिजिटल रजिस्टर एप पर अपलोड करना अनिवार्य किया है। इनमें भोजन की थाली और खाना खाते बच्चों की तस्वीरें शामिल होंगी। सोमवार को वितरित होने वाले फल और बुधवार को दिए जाने वाले दूध की तस्वीरें भी अपलोड करनी होंगी।
अभी तक स्कूलों में एमडीएम पंजिका में भोजन करने वाले बच्चों की संख्या दर्ज कर वितरण का रिकॉर्ड तैयार किया जाता था। अब इस व्यवस्था में तस्वीरों को भी डिजिटल साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य कागजी आंकड़ों और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर को खत्म करना तथा योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाना है। अधिकारी एप पर अपलोड तस्वीरों के माध्यम से यह देख सकेंगे कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन मिल रहा है या नहीं।
प्रधानाध्यापक की होगी जिम्मेदारी
नई व्यवस्था लागू कराने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक अथवा प्रभारी प्रधानाध्यापक को सौंपी गई है। उन्हें प्रतिदिन निर्धारित प्रक्रिया के तहत तस्वीरें अपलोड कराने के साथ भोजन की गुणवत्ता और वितरण का भी ध्यान रखना होगा। मुख्यालय स्तर से इन तस्वीरों की समीक्षा की जा सकेगी। भोजन की गुणवत्ता में कमी, वितरण में लापरवाही अथवा रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी।
हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचाना लक्ष्य
बीएसए आशा चौधरी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप परिषदीय विद्यालयों में एमडीएम व्यवस्था की निगरानी को प्रभावी बनाया जा रहा है। प्रधानाध्यापकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत तस्वीरें अपलोड करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचाना और योजना के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।