Meerut News: नाबालिग के सामने महिला से मारपीट और हत्या का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
Meerut News: मेरठ में नाबालिग के सामने महिला से मारपीट और हत्या की कोशिश, वारदात CCTV में कैद, आरोपी गिरफ्तार।
नाबालिग के सामने महिला से मारपीट और हत्या का प्रयास (photo: social media )
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने नाबालिग लड़की के सामने उसकी मां के साथ गाली-गलौज, मारपीट और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। घटना पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना किठौर कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती की है। पीड़िता महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ किसी काम से जा रही थीं। रास्ते में कस्बे का ही रहने वाला जानू उर्फ जाने आलम पुत्र जब्बार ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनकी बेटी के सामने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी ने धमकी दी और धक्का देकर मौके से भाग निकला। गंभीर अवस्था में घायल महिला अपनी बेटी के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना किठौर में मुकदमा संख्या 462/2025 धारा 115(2)/352/74/109(1) बीएनएस व 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी किठौर के निर्देशन में गठित टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर शाहजहांपुर नहर पटरी के पास से आरोपी जानू उर्फ जाने आलम को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी भागने की कोशिश में गड्ढे में गिर गया
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश में गड्ढे में गिर गया, जिससे उसका दाहिना हाथ टूट गया। पुलिस ने उसे तत्काल सीएचसी किठौर में प्राथमिक उपचार के बाद पीएल शर्मा अस्पताल मेरठ भेज दिया।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक पृथी सिंह, गौरव चौधरी, नितेश कुमार, हृदयेश गंगवार और अभिषेक सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले भी विवादित प्रवृत्ति का है और इलाके में कई बार झगड़े-झंझट में शामिल रहा है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है।