Meerut News: नगर निगम बोर्ड बैठक में हुए हंगामें ने पकड़ा तूल, जानें पूरा मामला?

Meerut News: नगर आयुक्त डॉ. अमित पाल शर्मा ने घटना के संबंध में इतना ही कहा कि सदन की कार्रवाई पूरी हो चुकी थी। किसने और क्यों हाथापाई की है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। सदन में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। सच सामने आ जाएगा।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2023-12-31 07:47 GMT

Meerut News (Newstrack)

Meerut News: यहां नगर निगम बोर्ड की बैठक में बसपा-सपा के पार्षदों की पिटाई के मामले में अभी तक पुलिस ने किसी भी पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने आज बताया कि दोनो पक्षों की तहरीर मिल गई है। नगर निगम सदन के भीतर की सीसीटीवी फुटेज मंगाई गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। वहीं बसपा-सपा के पार्षदों की पिटाई के मामले में प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर और एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज का नाम आने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है।

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

विपक्ष ने घटना को अनुसूचित जाति के अपमान से जोड़ते हुए घटना में शामिल सत्ता पक्ष के नेताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विपक्षी नेताओं ने कहा है कि 2024 लोकसभा चुनाव में अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग इस पिटाई का जवाब देगा। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने हंगामा, मारपीट का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है- मेरठ में नगर निगम बोर्ड की बैठक के दौरान उप्र की भाजपा सरकार के मंत्री और एमएलसी ने पुलिस की मौजूदगी में विपक्ष के दलित पार्षदों पर घातक प्रहार किये। भाजपाई सत्ता के अहंकार में डूबकर दलितों से जो अपमानजनक व्यवहार कर रहे हैं उसका जवाब उनको आगामी चुनाव में मिलनेवाला है। भाजपा आगामी हार की हताशा में हिंसक हो गयी है।

वहीं, कल यानी शनिवार रात मेरठ पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने घटना को दलितों के अपमान से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस दलितों का अपमान सहन नहीं करेगी। दलितों के सम्मान की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मंत्री और एमएलसी सड़क पर लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं। ऐसे लोगों की सदस्यता समाप्त होनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जाहिदपुर और घोपला में उन दोनो पार्षदों के घर पर भी गए जिनकी पिटाई किये जाने के आरोप सत्ता पक्ष पर लगे हैं। उन्होंने दोनों पार्षदों को भरोसा दिया कि इस मामले में कांग्रेस पार्टी न्याय के लिए उनके साथ है।

बता दें कि कल यानी शनिवार को मेरठ नगर निगम बोर्ड बैठक में हाउस टैक्स की किसी बात को लेकर हुए हंगामे के दौरान पार्षदों के बीच आपस में गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। आरोप है कि इस दौरान बीजेपी एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज के साथ विपक्षी दलों के पार्षदों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिसके बाद बीजेपी के पार्षद भड़क गए और फिर उन्होंने वार्ड 36 से बहुजन समाज पार्टी के पार्षद आशीष चौधरी और वार्ड नंबर 31 से समाजवादी पार्टी के पार्षद कुलदीप उर्फ कीर्ति घोपला को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

दूसरी तरफ नगर निगम की बैठक में हुए हंगामे को लेकर भाजपा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि ये सब सुनियोजित षडयंत्र के चलते किया गया है। महिला पार्षदों के साथ बदसलूकी हुई, गालियां दी गईं। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता था। मंत्री और एमएलसी को जान बूझकर टारगेट किया जा रहा है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज ने कहा कि महिला पार्षदों को जातिसूचक शब्द बोले गए। अश्लील हरकतें की गईं। विपक्ष हताश है, इसलिए वे माहौल खराब करना चाहते हैं। मंत्री सोमेंद्र तोमर तो बाद में पहुंचे हैं, एमएलसी और मंत्री पर ही आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं। किसी पार्षद का नाम नहीं लिया गया। ये सब सोची समझी राजनीति के तहत किया गया है।

घटना में अपना नाम आने को लेकर स्ष्टीकरण देते हुए प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मैं तो घटना के बाद मौके पर पहुंचा था। मैने तो बीच-बचाव भी किया। ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जा सकती हैं। एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि मैं बैठक में आधा घंटा देरी से पहुंचा था, मैं कुर्सी पर बैठा था, तभी पीछे से गाली की आवाज आई। हमारी चार महिला पार्षद खड़ी थीं, मैने महिलाओं के सम्मान में बोला, जिसके बाद मेरे साथ भी धक्का-मुक्की की गई। जिसके बाद हंगामा हो गया। ये सब इन लोगों ने सुनियोजित साजिश के अंतर्गत किया है। हम लोग मातृ शक्ति का अपमान सहन नहीं कर सकते हैं।

बहरहाल.कल हुई इस घटना के संबंध में विपक्षी पार्षदों कुलदीप और आशीष ने भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर और अन्य पर मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामला अनुसूचित जाति से जुड़ता देखकर भाजपा ने भी अनुसूचित जाति के ही पार्टी पार्षद पवन चौधरी की तरफ से विपक्ष पार्षद के खिलाफ तहरीर दी है। 

Tags:    

Similar News