Meerut News: गौकशी की तैयारी में जुटे लोगों पर पुलिस की घेराबंदी, मुठभेड़ में एक घायल, दो गिरफ्तार

Meerut News: मेरठ में गौकशी की तैयारी कर रहे लोगों को पुलिस ने घेरा तो फायरिंग शुरू हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि दो गिरफ्तार किए गए।

Update:2026-08-16 11:47 IST

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: सरूरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात गौकशी की तैयारी कर रहे आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, हिंडन नदी के पुल से पहले खिवाई की तरफ जाने वाले रास्ते के पास चार लोग एक गोवंश को पेड़ से बांधकर गौकशी की तैयारी कर रहे थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। दो आरोपी अंधेरे और ईख के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात हर्रा-खिवाई मोड़ पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिंडन नदी के पुल से पहले खिवाई की ओर जाने वाले खड़ंजे के पास चार लोग एक गोवंश को पेड़ से बांधकर गौकशी करने वाले हैं। सूचना मिलते ही सरूरपुर पुलिस और स्वाट टीम देहात मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखते ही चला दी गोली

पुलिस का दावा है कि टीम ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें यामीन के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी सरूरपुर भेजा। मौके से पप्पू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

ईख के खेतों में छिपे साथियों की तलाश

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे और ईख के खेतों का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने उनकी तलाश में खेतों में कॉम्बिंग की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। दोनों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

तमंचा, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद

पुलिस ने मौके से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा दो चाकू, दो बांका/गड़ांसे, लकड़ी का गुटका, तीन रस्सियां, दो सूजे, काले रंग का कपड़ा, एक प्लास्टिक का थैला और एक जीवित गाय बरामद की गई। आरोपियों के पास से एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी मिली है।

यामीन पर 20 मुकदमे

गिरफ्तार आरोपी यामीन (35) खुशहाल कॉलोनी, लिसाड़ी गेट का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और गौतमबुद्धनगर में लूट, हत्या के प्रयास, गौवध अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत 20 मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा आरोपी पप्पू (30) सिवालखास, जानी का रहने वाला है। उसके खिलाफ जानी थाने में आयुध अधिनियम का एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News