Meerut News: मेरठ मंडल में मात्र 97 मीट्रिक टन हुई धान की खरीद, अफसरों के उड़े होश

Meerut News: किसानों के हितों के लिए बनाई गई धान खरीद योजना धीमी गति से चल रही है। हालत यह है कि सरकार द्वारा दिए गए धान खरीद लक्ष्य के सापेक्ष 1.78 फीसदी धान की खरीद हुई है।

Report :  Sushil Kumar
Update:2023-11-23 18:21 IST

मेरठ मंडल में मात्र 97 मीट्रिक टन हुई धान की खरीद (न्यूजट्रैक)

Meerut News: किसानों के हितों के लिए बनाई गई धान खरीद योजना धीमी गति से चल रही है। हालत यह है कि सरकार द्वारा दिए गए धान खरीद लक्ष्य के सापेक्ष 1.78 फीसदी धान की खरीद हुई है। ऐसे में तय समय तक लक्ष्य पूरा कैसे होगा, इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लक्ष्य से बहुत कम धान खरीद के चलते संबंधित विभागीय अफसरों के होश उड़े हुए हैं। सूत्रों की मानें तो अभी तक 100 मीट्रिक टन धान भी नहीं खरीदा जा सका है।

विभागीय अफसरों के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के लिए मेरठ डल को धान खरीद लक्ष्य 5500 मीट्रिक टन दिया था। लेकिन,दो महीने बीत जाने के बाद अभी तक मेरठ मंडल में 97 मीट्रिक टन धान की ही खरीद हुई है। इसमें मेरठ जनपद में 61 मीट्रिक टन और बुलन्दशहर जनपद में 37 मीट्रिक टन धान खरीदा जा सका है। खाद्य आयुक्त सौरभ बाबू ने बताया कि पश्चिमी यूपी के मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़, आगरा, मेरठ, सहारनपुर, झांसी मंडल व लखनऊ मंडल के तीन जिलों (हरदोई, खीरी और सीतापुर) में एक अक्टूबर से धान की खरीद चल रही है।

वहीं रायबरेली, उन्नाव, लखनऊ के साथ अयोध्या मंडल के जिलों में भी 20 अक्टूबर से खरीद शुरू करवा दी गई थी। जबकि एक नवंबर से पूर्वी यूपी के गोरखपुर, देवीपाटन, आजमगढ़, विंध्याचल, वाराणसी, चित्रकूट, बस्ती, प्रयागराज और कानपुर मंडलों में भी धान की खरीद शुरू हो गई थी। बता दें कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए योगी सरकार किसानों से दो श्रेणियों की धान खरीद रही है। इसमें ’धान कॉमन’ को 2183 रुपये प्रति कुंतल की दर से और ’ग्रेड ए’ को 2203 रुपये प्रति कुंतल की दर से खरीदा जा रहा है। खाद्य एवं रसद विभाग किसानों से क्रय केंद्रों के माध्यम से धान और गेहूं सहित अन्य उपज की सरकारी खरीद करता है। इसके लिए विभाग और अन्य एजेंसियों के लगभग 4000 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं।

Tags:    

Similar News