Meerut News: ‘जाट-मुस्लिम’ समीकरण को मजबूत करने की कोशिश में जयंत, भाईचारा सम्मेलन के जरिए चुनावी मोड में आरएलडी

Meerut News: राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोकचंद त्यागी ने आज मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि सद्भावना भाईचारा सम्मेलन की शुरुआत सितंबर में मेरठ से होगी।

Update:2023-08-20 18:08 IST
(Pic: Newstrack)

Meerut News: भाजपा से मुकाबला करने के लिए राष्ट्रीय लोकदल सितंबर से मेरठ से सद्भावना भाईचारा सम्मेलन शुरुआत करेगा। जाहिर है कि यह 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले खुद को फिर से नजर में लाने के लिए रालोद के प्रयासों का एक हिस्सा है। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोकचंद त्यागी ने आज मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि सद्भावना भाईचारा सम्मेलन की शुरुआत सितंबर में मेरठ से होगी।

सर्व समाज के लोगों को जोड़ने की कवायद

त्रिलोकचंद त्यागी ने कहा कि भाईचारा सम्मेलन के जरिए किसानों के साथ-साथ सर्व समाज के लोगों को जोड़ा जाएगा। सम्मेलन में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय लोकदल नेता ने कहा कि 2024 लोकसभा का चुनाव राष्ट्रीय लोक दल इंडिया गठबंधन में शामिल होकर मजबूती से लड़ेगा। उन्होंने कहा कि इंडिया से घबराकर भाजपा मीडिया में जयंत चौधरी के बीजेपी में जाने की खबरें प्लांट कर रही है जोकि बिल्कुल गलत है। राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक चंद त्यागी ने कहा कि इस बारे में पार्टी के अध्यक्ष जयंत चौधरी अपना और पार्टी का रूख पहले ही घोषित कर चुके हैं अब इसमें कोई संदेह नहीं रह जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी के अध्यक्ष जयंत चौधरी 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में इंडिया की होने वाली बैठक में शामिल होंगे।

अलीगढ़ से शुरू होगा रालोद का समरसता अभियान

राष्ट्रीय लोकदल नेता ने कहा कि पार्टी को गांवों में भी मजबूत करने के लिए अलीगढ़ से समरसता अभियान के तीसरे चरण की भी शुरुआत की जा रही है। मीडिया से बातचीत में राष्ट्रीय लोकदल नेता ने इस बात पर गहरा आक्रोश जताया कि अभी तक भी किसानों को उनके गन्ने का बकाया नहीं मिल सका है। सरकार ने अभी तक बिजली माफ नहीं किया है।

राष्ट्रीय लोकदल नेता ने कहा कि देश में धार्मिक सद्भावना को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है जो कि गलत है राष्ट्रीय लोकदल देश की एकता अखंडता को टूटने नहीं देगा। इसके लिए राष्ट्रीय लोकदल जनता को जागरूक करेगा। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. मेहराजुद्दीन अहमद ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल हमेशा से दबे कुचले लोगों के साथ खड़ा रहा है और आगे भी खड़ा रहेगा। इस मौके पर विधायक गुलाम मोहम्मद, नरेंद्र खजूरी, पार्टी प्रवक्ता भारतीय रिजवी आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News