Meerut News: अब्दुल्ला रेजिडेंसी पर बवालः ‘हिंदुओं को प्लॉट नहीं मिल रहा’, मंत्री बोले- जांच होगी

Meerut News: ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि किसी भी कॉलोनी में धर्म के आधार पर लोगों को अलग रखने की कोशिश अस्वीकार्य है।

Update:2025-09-06 17:31 IST

Meerut News

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के हापुड़ रोड स्थित अब्दुल्ला रेजिडेंसी कॉलोनी इन दिनों विवादों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि यहां हिंदू समुदाय के लोगों को प्लॉट नहीं बेचे जा रहे और कॉलोनी परिसर में मस्जिद का निर्माण भी शुरू किया गया है। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय हिन्दू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखते हुए कॉलोनी पर बुलडोजर चलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस विवाद ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। प्रदेश सरकार में ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेरठ विकास की राह पर है और किसी भी कॉलोनी में धर्म के आधार पर लोगों को अलग रखने की कोशिश अस्वीकार्य है। तोमर ने टिप्पणी की, “2017 से पहले मेरठ दंगों के लिए बदनाम किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हालात बदले हैं। अब अगर कोई फिर से समाज को बांटने की कोशिश करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

जिला प्रशासन भी मामले को गंभीरता से ले रहा है। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में यह प्रकरण आने के बाद तुरंत जांच समिति गठित कर दी गई है। कमेटी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट,मेरठ डॉ. दीक्षा जोशी और आवास विकास परिषद के अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक हफ्ते में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, कॉलोनी के डायरेक्टर महेंद्र गुप्ता का कहना है कि आरोप पूरी तरह निराधार हैं। गुप्ता ने कहा, “हमारी कॉलोनी रेरा में रजिस्टर्ड और पूरी तरह अप्रूव्ड है। यहां कई हिंदू परिवारों ने भी प्लॉट खरीदे हैं। हमारा स्टाफ भी ज्यादातर हिंदू है। यह कहना कि हमने किसी समुदाय को बाहर रखा, हकीकत से परे है।”

Tags:    

Similar News