Meerut News: रिटायर्ड आर्मी जवान का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Meerut News: अनुमान लगाया जा रहा है कि रविंद्र ने जहर खा कर जान दी है।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2024-05-17 09:57 GMT

Meerut News (Pic:Social Media)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में आज सुबह रिटायर्ड आर्मी जवान का शव सिवाया मेरठ-हरिद्वार राज मार्ग पर टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। घटनास्थल के आसपास कोई जहरीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। यह मामला थाना दौराला क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि रिटायर्ड आर्मी जवान पास की ही शील कुंज कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था।

जानकारी के अनुसार रिटायर्ड आर्मी जवान जिसकी शिनाख्त 47 वर्षीय रविंद्र सिंह निवासी राधे कुंज कॉलोनी कल रात से गायब था। मृतक के परिवार में पत्नी अनीता के सिवा एक बेटा शुभम बताया जाता है। दौराला पुलिस ने मृतक की पत्नी के हवाले से बताया कि रविंद्र कल रात खाना खाने के बाद घर पर किसी को बताए बिना घर से बाहर गया था। जब देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से रविंद्र की तलाश शुरु की।

इस दौरान सिवाया टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में एक अधेड़ का शव पड़ा होने की सूचना परिजनों को हुई तो परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव की शिनाख्त रविंद्र के रुप में की। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि रविंद्र ने जहर खा कर जान दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत के कारण और हत्या अथवा आत्म हत्या के बारे में पता चल सकेगा। बहरहाल,पुलिस मृतक के परिजनों के अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


Tags:    

Similar News