Meerut: मुख्य वन संरक्षक से मुलाकात न होने पर धरने पर बैठे सपा विधायक

Meerut: पेड़ो के कटान के विषय में बुधवार को सरधना के समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान अपने समर्थकों के साथ मुख्य वन संरक्षक एनके जानू के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2024-07-03 09:18 GMT

मुख्य वन संरक्षक से मुलाकात न होने पर धरने पर बैठे सपा विधायक (न्यूजट्रैक)

Meerut News: जिले में गंगनगर की पटरी पर कथितरूप से मानकों के विपरीत हो रहे पेड़ो के कटान के विषय में बुधवार को सरधना के समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान अपने समर्थकों के साथ मुख्य वन संरक्षक एनके जानू के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। विधायक अतुल प्रधान इस बात को लेकर गुस्से में दिखाई दिए। अतुल प्रधान ने कहा कि गंगनगर की पटरी पर मानकों के विपरीत हो रहे कटान की रोकथाम के लिये मुख्य वन संरक्षकएनके जानू से फ़ोन पर मिलने का समय लिया। कई दिनों में आज समय दिया गया और आज उन्होंने मिलने से मना कर दिया। ये एक अत्यंत गंभीर विषय है। आमजन के हित का विषय हैं। इस तरह की रवैया साबित करता है उनका आमजन के जीवन से इनको कोई सरोकार नहीं है।

बता दें कि अतुल प्रधान मेरठ मंडल आयुक्त से मिलने के बाद मुख्य वन संरक्षक से मिलने पहुंचे थे। अतुल प्रधान का आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से कावड़ पटरी मार्ग से रोजाना हजारों पेड़ काटे जा रहे हैं, जो गलत है। इसको लेकर वह डीएफओ राजेश कुमार से मिले। लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे से मिले और इस समस्या के समाधान की मांग की। वहीं बुधवार को अतुल प्रधान अपने समर्थकों के साथ मुख्य वन संरक्षक से मिलने पहुंचे। लेकिन डीएफओ अपने कक्ष में नहीं थे।

सपा विधायक अतुल प्रधान ने बताया कि पेड़ों का कटान भविष्य के लिए एक बहुत बड़ा खतरा है। जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि जब तक पेड़ों का कटान बंद नहीं होगा। तब तक आंदोलन जारी रखेंगे। सपा विधायक ने यह मामला विधानसभा में उठाने की भी बात कही है। इससे पहले अतुल प्रधान मंडल आयुक्त से मिले।

विधायक अतुल प्रधान ने मंडल आयुक्त से कहा कि वन विभाग एव लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से अनुमति से अधिक पेड़ो का कटान किया जा रहा है। सरधना विधायक ने इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही होनी चाहिए। साथ ही सरधना विधानसभा के दादरी, सकौती में बन रेलवे अंडरपास/ओवरब्रिज की समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग भी की।

Tags:    

Similar News