Meerut News: अश्लील कमेंट, मेरठ पॉलिटेक्निक के एचओडी के खिलाफ छात्राओं ने दी तहरीर

Meerut News: तहरीर पर अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। कॉलेज द्वारा जांच के बाद ही मुकदमा लिखा जाएगा।

Report :  Sushil Kumar
Update:2024-10-09 19:57 IST

मेरठ पॉलिटेक्निक के एचओडी के खिलाफ छात्राओं ने दी तहरीर   (photo: social media )

Meerut News: मेरठ के दौराला स्थित मुख्तार सिंह राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में विभागाध्यक्ष अरुण कुमार गौतम के खिलाफ छात्राओं ने अमर्यादित तरीके से बातचीत का आरोप लगाते हुए थाना दौराला में तहरीर दी है। हालांकि अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

दौराला थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने आज न्यूजट्रैक को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक की छात्राओं की तरफ से उन्हें एक तहरीर मिली है। तहरीर पर अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। कॉलेज द्वारा जांच के बाद ही मुकदमा लिखा जाएगा। क्योंकि सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइऩ है कि जब तक अधिकारी रिपोर्ट नहीं देंगे। थाना प्रभारी के अनुसार तहरीर में जिसमें कालेज की छह-सात छात्राओं के हस्ताक्षर हैं मुख्तार सिंह राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में विभागाध्यक्ष अरुण कुमार गौतम के खिलाफ छात्राओं से अश्लील बाते करने का आरोप लगाया गया है।

क्या है मामला ?

छात्राओं के अनुसार जब उन्होंने अपने एचओडी से कहा कि सर,आपने हमें फेल कर दिया। तो एचओडी बोले कि हमने थोड़े फेल किया है, जिसने कापी जांची होगी उसने फेल किया है। इस पर छात्राओं ने जब कहा कि हम आत्महत्या कर लेंगे। तो एचओडी ने कहा कि मर जाओं कहीं जाकर। इसके अलावा छात्राओं का यह आरोप भी है कि एचओडी ने समस्या लेकर पहुंची छात्राओं से कहा कि सुंदर लड़कियां यहां रहें बाकी लड़कियां यहां से चली जाएं। दूसरे कॉलेजों में जाकर बीए, बीएससी कर लें।

थाना प्रभारी के अनुसार इस मामले में एचओडी अरुण कुमार गौतम को सस्पेंड कर जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं इस मामले में कॉलेज प्रिंसिपल मुकेश कुमार ने स्थानीय मीडिया को बताया कि छात्राओं की कॉपियां कॉलेज नहीं शासन स्तर पर जांची गई हैं। नंबरों में हम कुछ नहीं कर सकते। फिर भी शासन को पत्र भेजा गया है। शिक्षक पर जो आरोप लगे हैं उसकी हम जांच करा रहे हैं। छात्राओं से रिइवेलुएशन फॉर्म यानी दोबारा एग्जाम कॉपी चेक करने के लिए आवेदन करने को कहा है।

छात्राओं से अमर्यादित तरीके से बात

वहीं सोशल मीडिया पर पॉलिटेक्निक की कुछ छात्राओं की बातचीत वायरल हो रही थी। इसमें छात्राओं को यह कहते दिखाया गया है कि वह जब पढ़ाई से संबंधित काम से एचओडी अरुण कुमार से मिलने गईं तो उन्होंने छात्राओं से अमर्यादित तरीके से बात किया। उधर,सूत्रों के अनुसार दौराला के मुख्तार सिंह राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में पढ़ने वाली 104 में से 78 लड़कियों की बैक और फेल हैं।

Tags:    

Similar News