Nepal Bus Accident: हुआ भयानक बस हादसा, यूपी लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 45 घायल, कई गंभीर

Nepal Bus Accident: श्रद्धालुओं से भरी बस नेपाल के त्रिवेणी धाम से लौटते वक़्त पलट गई। हादसे में 45 लोग घायल हो गए, जिनमें 10 बच्चे भी शामिल हैं। बस महराजगंज लौट रही थी।

Written By :  aman
Update: 2023-01-21 13:59 GMT

Nepal Bus Accident: (Social Media)

Nepal Bus Accident: मौनी अमावस्या (Mauni Amavasya) के मौके पर नेपाल के त्रिवेणी धाम (Triveni Dham of Nepal) से स्नान कर वापस भारत अपने घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस शनिवार (21 जनवरी) को नेपाल के सीमावर्ती इलाके महेशपुर में पलट गई। बस दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 70 लोग सवार थे। जिसमें 45 लोग घायल हुए हैं। जिसमें 10 बच्चे भी शामिल हैं। घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए पृथ्वी चंद जिला अस्पताल नवलपरासी में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, इस बस में पूर्वांचल के कई जिलों के श्रद्धालु सवार थे। गोरखपुर जिले (Gorakhpur) के कैंपियरगंज, भौराबारी (Bhaurabari) के अतिरिक्त महराजगंज जिले (Maharajganj district) के लक्ष्मीपुर के श्रद्धालु सवार थे। सभी दो दिन पहले मौनी अमावस्या के अवसर पर नौतनवा से एक बस बुक कर नेपाल के त्रिवेणी धाम स्नान करने गए थे।

कैसे हुआ बस एक्सीडेंट?

बताया जा रहा है कि, शनिवार (21 जनवरी) की सुबह करीब 11 बजे स्नान के बाद 70 श्रद्धालुओं से भरी बस भारत के लिए रवाना हुई। बस श्रद्धालुओं से खचाखच भरी थी। बस जब महेशपुर पहुंची तभी अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गई। बस एक पुलिया से टकराकर करीब 15 फीट नीचे गड्ढे में पलट गई। एक्सीडेंट की वजह से बस में सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था। आनन-फानन में घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। 45 लोगों के घायल होने की सूचना है, जिसमें 10 बच्चे भी शामिल हैं। 

घायलों में यहां के निवासी

इस बस हादसे में उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के कई इलाकों के लोग शामिल थे। घायलों में लक्ष्मीपुर, गोरखपुर कैंपियरगंज, भौराबारी और महराजगंज जिले के श्रद्धालु हैं। सभी को पृथ्वी चंद जिला अस्पताल नवलपरासी में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। जिला प्रहरी कार्यालय के एसआई जेके आचार्य (SI JK Acharya) ने मीडिया को बताया कि नेपाल सशस्त्र प्रहरी और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा बचाव कार्य किया गया। 

Tags:    

Similar News