Jaunpur News: कृपाशंकर ने की सामना के 'पैटर्न' की निंदा, कहा-जौनपुर को बदनाम करने का घृणित कार्य

महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने कहा कि शिवसेना के समाचार पत्र सामना में दुष्कर्म जैसी जघन्य घटना में इस शब्द को जोड़ते हुए जनपद जौनपुर को बदनाम करने का घृणित एवं घोर निन्दनीय कृत्य किया गया है।

Report :  Kapil Dev Maurya
Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2021-09-17 10:37 GMT

जौनपुर: कृपाशंकर सिंह

Jaunpur News: महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री एवं भाजपा महाराष्ट्र (BJP Maharashtra) के नव निर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह (Kripashankar Singh) अपने गृह जनपद जौनपुर (Jaunpur) में मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि आज तक पैटर्न (pattern) शब्द का प्रयोग विकास और सांस्कृति तथा शिक्षा आदि के साथ जोड़कर प्रयोग किया जाता रहा है, लेकिन शिवसेना के समाचार पत्र सामना में दुष्कर्म जैसी जघन्य घटना में इस शब्द को जोड़ते हुए जनपद जौनपुर को बदनाम करने का घृणित एवं घोर निन्दनीय कृत्य किया गया है। इसकी जितनी भी निन्दा किया जाये शब्द कम पड़ जायेगा।

कृपाशंकर सिंह ने कहा कि जिन लोंगो ने दुष्कर्म की घटना को लेकर जौनपुर पैटर्न शब्द का प्रयोग किया है, उन लोंगो को जौनपुर के इतिहास की जानकारी नहीं है, शिराज ए हिन्द के नाम से विख्यात जनपद जौनपुर का अपना अद्वितीय इतिहास है। इस जनपद में भारत माता को आजादी दिलाने के लिए 21 लोग एक साथ शहीद हुए थे। यहां पर शिक्षा का ऐसा केन्द्र था और आज भी है कि देश के कोने कोने में यहां के लोग आईएएस के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन सामना अखबार के लोंगो ने एक घटना को लेकर जनपद वासियों की छवि को दूषित करने का काम किया है।

अस्मिता को चोट पहुंचाना उचित नहीं-कृपाशंकर सिंह

उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व एवं नेता प्रतिपक्ष देवेन्द्र फडनवीज (Devendra Fadnavis) को अवगत करा दिया गया है। उनके द्वारा जो भी उचित होगा जरूर किया जायेगा। अभियुक्त को फांसी दे दो लेकिन किसी जनपद को जोड़कर उसकी अस्मिता को चोट पहुंचाना उचित नहीं है।

कृपाशंकर सिंह ने कहा कि जब से हमने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण किया है तभी से बड़ी संख्या में जनपद जौनपुर के कांग्रेस जन भाजपा में आने के प्रयास में है। इस मुद्दे पर प्रदेश और जिलाध्यक्ष आदि लोगों से बात चल रही है जल्द ही ऐसे लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज जो राजनैतिक परिदृश्य दिखायी दे रहा है उसके अनुसार यह तो तय नजर आ रहा है कि 2022 के चुनाव में पुनः योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के अन्दर भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

प्रदेश में भाजपा इस समय मजबूत हुई है-कृपाशंकर सिंह

कृपाशंकर सिंह ने कहा उत्तर प्रदेश की बिजली और कानून व्यस्था को देखकर बड़े बड़े उद्यमी यहां पर उद्योग लगाने आ रहे हैं। उनसे उत्तर प्रदेश की कुछ पीएसयू को बिकने अथवा ताला लगने का सवाल किया गया तो कहा अभी हम इस पार्टी में नये हैं जानकारी में नहीं है। इस तरह कई अन्य सवालों का जवाब नहीं दे सके लेकिन इतना जरूर कहा कि प्रदेश में भाजपा इस समय मजबूत हुई है। कृपाशंकर सिंह ने जनपद वासियों को विश्वकर्मा जयन्ती पर शुभकामनाएं प्रेषित किया। इस अवसर पर उनके सहयोगी साथी रत्नाकर सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News