बेहोश होकर गिरे लोग: गैस लीक से रायबरेली में आफत, मच गया हड़कंप

रायबरेली जिले मंगलवार को क्लोरीन गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। गैस रिसाव के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों का परिवार इसकी चपेट में आ गया।

Update: 2021-02-23 16:37 GMT

रायबरेली - उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले मंगलवार को क्लोरीन गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। गैस रिसाव के बाद नगर पंचायत कर्मचारियों का परिवार इसकी चपेट में आ गया। जिसके बाद लोग देखते ही देखते बेहोश होकर गिरने लगे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित करने के साथ ही तत्काल गैस की चपेट में आये लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया।

रायबरेली में क्लोरीन गैस रिसाव से हड़कंप

मामला रायबरेली के बछरावां नगर पंचायत का है, यहां आज पानी टंकी परिसर में रखें क्लोरीन गैस से भरे सिलेंडर में रिसाव होने लगा। गैस लीक होने से परिसर में मौजूद नगर पंचायत कर्मचारियों का परिवार उसकी चपेट में आ गया। चारों को क्लोरीन गैस की चपेट में आने के कारण सांस लेने में दिक्कत होने लगी। देखते ही देखते दो महिलाएं और दो पुरुष बेहोश हो गए।

ये भी पढ़ेँ- बाराबंकी में कल किसान महापंचायत, नरेश टिकैत होंगे शामिल

4 लोग बेहोश, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को इलाज के लिए बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं पीड़ित सभी लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल जिला अस्पताल में सभी चारों पीड़ितों का इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर अतुल पांडे ने बताया कि बछरावां से 4 लोग आए हैं, जिन को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। सब का इलाज किया जा रहा है। सभी खतरे से बाहर है।

फायर ब्रिगेड की टीम ने गैस से भरे सभी सिलेंडरों को किया नष्ट

बताया जा रहा है कि घटना जिले के महाराजगंज स्थित नगर पंचायत में दो नंबर कमरे हुई, जहां क्लोरीन गैस सिलेंडर रखे हुए थे। अचानक गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। क्लोरीन गैस की चपेट में जो लोग आए हैं, उनमें दो महिलाएं सारदा और सन्तोषी शामिल हैं। वहीं पुरुषों की पहचान धर्मेंद्र और विशाल के तौर पर हुई।

सिलेंडरों को कस्बे से बाहर कुएं में डाला

नगर पंचायत में क्लोरीन गैस की रिसाव की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। गैस लीक होने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम जानकारी होते ही पहुंच गई और क्लोरीन गैस से भरे सभी सिलेंडरों को कस्बे से बाहर ले जाकर एक कुएं में डाल कर नष्ट कर दिया।

नरेन्द्र सिंह, रायबरेली

Tags:    

Similar News