Raebareli News: जुलाई से दिसंबर तक सम्पूर्ण समाधान दिवस का रोस्टर जारी, डीएम समेत वरिष्ठ अधिकारी सुनेंगे जनसमस्याएं
Raebareli News: रायबरेली डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने जुलाई से दिसंबर 2026 तक सम्पूर्ण समाधान दिवस का रोस्टर जारी कर दिया है। हर महीने के पहले और तीसरे शनिवार को तहसीलों में जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
Raebareli News: जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने जुलाई से दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस का रोस्टर जारी कर दिया है। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को जिले की विभिन्न तहसीलों में समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिलाधिकारी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जनता की समस्याएं सुनेंगे।
जारी रोस्टर के अनुसार 4 जुलाई को जिलाधिकारी लालगंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करेंगी, जबकि मुख्य विकास अधिकारी डलमऊ, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ऊंचाहार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महराजगंज तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सलोन तहसील में उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार आगामी छह माह तक सभी तहसीलों के लिए अधिकारियों की तैनाती निर्धारित कर दी गई है।
प्रशासन का उद्देश्य राजस्व, पुलिस, विकास, बिजली, जलापूर्ति, पेंशन, भूमि विवाद और अन्य जनसमस्याओं का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस प्रत्येक निर्धारित तिथि को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक तहसील मुख्यालयों पर आयोजित होगा। यदि प्रथम अथवा तृतीय शनिवार को सार्वजनिक अवकाश पड़ता है तो कार्यक्रम अगले कार्यदिवस में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी कारणवश जिलाधिकारी की अनुपस्थिति की स्थिति में नामित अधिकारी समाधान दिवस का संचालन करेंगे।
प्रशासन को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।