Raebareli News: रेल कोच कारखाने में अधिकारी-कर्मचारी विवाद का वीडियो वायरल
Raebareli News: रायबरेली के रेल कोच कारखाने में अधिकारी और कर्मचारी के बीच विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू, कर्मचारी संगठनों ने कार्रवाई की मांग की।
रेल कोच कारखाने में अधिकारी-कर्मचारी विवाद का वीडियो वायरल (Photo- Newstrack)
Raebareli News: रायबरेली के मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) लालगंज में एक सीनियर अधिकारी की दबंगई का मामला सामने आया है। इलेक्ट्रिकल वंदे भारत विभाग में तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुभाषचंद्र पर अपने ही विभाग के जूनियर कर्मचारी कृष्ण कुमार के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कारखाने में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर सीनियर सेक्शन इंजीनियर और कर्मचारी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आए अधिकारी ने कर्मचारी कृष्ण कुमार को सबके सामने थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब इससे भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उन्होंने बेल्ट से मारने की कोशिश की। मारपीट में कर्मचारी को चोटें आईं, जिसके बाद उसे विभागीय अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कर्मचारी संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। उनका कहना है कि कार्यस्थल पर किसी भी अधिकारी को अपने पद का दुरुपयोग कर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का अधिकार नहीं है।
सूत्रों के अनुसार मामला बढ़ता देख और कार्रवाई का डर सताने पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुभाषचंद्र ने बाद में कर्मचारी से माफी भी मांगी। हालांकि वायरल वीडियो के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल रेल कोच कारखाना प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।