Raebareli News: रायबरेली में पैसों के विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, आरोपी फरार
Raebareli News: रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के टिकरान गांव में पैसों के विवाद के दौरान एक युवक ने कथित रूप से अपने पिता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Raebareli News
Raebareli News: जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित टिकरान गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वारदात से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार टिकरान गांव निवासी देवता प्रसाद पासी (56 वर्ष) का सोमवार सुबह अपने पुत्र दिलीप से पैसों को लेकर विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि दिलीप नशे का आदी है और घटना के समय भी नशे की हालत में था। विवाद बढ़ने पर उसने अपना आपा खो दिया और घर में रखी लाठी-डंडे से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल देवता प्रसाद जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। आरोपी पुत्र दिलीप घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।वहीं मृतक के भाई राम प्रसाद ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।