Raebareli News: रायबरेली में यूजी-2026 परीक्षा में 92.9 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने लिया भाग
Raebareli News: रायबरेली में नीट यूजी-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 2,526 अभ्यर्थी शामिल, 92.9 प्रतिशत रही उपस्थिति।
Raebareli News: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित देश की प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा नीट यूजी-2026 रविवार को जनपद रायबरेली के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रशासन की सतर्क निगरानी में परीक्षा को सफलतापूर्वक आयोजित कराया गया।
परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थागत इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया गया। अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया से लेकर परीक्षा समाप्ति तक हर चरण की निगरानी की गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकी।
सिटी कोऑर्डिनेटर संजय कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि रायबरेली जिले में कुल 06 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 2,718 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए आवंटित किया गया था। इनमें से 2,526 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 192 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल 92.9 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जो परीक्षा के प्रति अभ्यर्थियों की गंभीरता और उत्साह को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया गया। केंद्र व्यवस्थापकों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल एवं सहयोगी कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला, जिसके चलते कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था, अनुशासनहीनता या अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों की सराहना की। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, समन्वित प्रयासों और प्रभावी व्यवस्थाओं के कारण रायबरेली में नीट यूजी-2026 परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।