Raebareli News: 30 वर्षों बाद किसान को मिला न्याय, एसडीएम सदर की पहल पर भूमाफियाओं से मुक्त हुई पुश्

Raebareli News: रायबरेली में एसडीएम सदर की पहल से 30 साल बाद किसान को पुश्तैनी जमीन का कब्जा मिला, भूमाफियाओं पर कार्रवाई।

Update:2026-06-23 11:23 IST

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद की सदर तहसील प्रशासन ने एक गरीब किसान को उसकी पुश्तैनी जमीन का कब्जा दिलाकर मिसाल पेश की है। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के हसनापुर गांव निवासी किसान राम अवतार पुत्र स्वर्गीय दीवान पिछले करीब 30 वर्षों से अपनी एक बीघा पुश्तैनी भूमि पर कब्जा पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। उनकी जमीन पर गांव के ही गंगाबख्श सिंह द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया गया था, जिसके कारण किसान वर्षों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहा था।

बताया जाता है कि राम अवतार ने हाल ही में अपनी समस्या लेकर सदर तहसील पहुंचकर एसडीएम सदर गौतम सिंह से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल संज्ञान लिया और राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटवाया और किसान को उसकी एक बीघा जमीन का कब्जा वापस दिला दिया। अपनी पुश्तैनी भूमि वापस मिलने से भावुक किसान राम अवतार ने सदर तहसील पहुंचकर एसडीएम गौतम सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से न्याय की उम्मीद में भटक रहे थे, लेकिन अब प्रशासन की सक्रियता से उन्हें अपनी जमीन वापस मिल गई है।

एसडीएम सदर गौतम सिंह ने बताया कि पीड़ित किसान अपनी फरियाद लेकर पास आया था। शिकायत मिलने के बाद तत्काल राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया और अवैध कब्जेदारों से भूमि को मुक्त कराकर पीड़ित को उसकी एक बीघा जमीन का कब्जा दिला दिया गया है। और एक बीघा जमीन सरकारी भी खाली करा दी गई है।प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि इससे भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Tags:    

Similar News