Sant Kabir Nagar News: सियासी तकरार तेज: अखिलेश का पलटवार, भाजपा पर साधा निशाना
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में बयानबाजी ने पकड़ा जोर, भाजपा विधायक के तंज पर अखिलेश यादव का जवाब, PDA फॉर्मूले के दम पर जीत का दावा, चुनावी माहौल गरमाया।
सियासी तकरार तेज: अखिलेश का पलटवार, भाजपा पर साधा निशाना (Photo- Newstrack)
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों बयानबाजी का दौर चरम पर है। नेताओं के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है, जिससे चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है। संतकबीरनगर जिले की धनघटा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गणेश चौहान के हालिया बयान ने इस सियासी बहस को और हवा दे दी है। उन्होंने विपक्षी नेताओं राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा था कि “जहां ये दोनों साथ जाते हैं, वहां सब कुछ डुबो देते हैं।” उनके इस बयान को विपक्ष पर सीधा हमला माना गया।
अखिलेश का करारा जवाब, भाजपा को घेरने की कोशिश
विधायक के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने अपने खास अंदाज में पलटवार किया। जब पत्रकारों ने उनसे इस टिप्पणी पर सवाल किया तो उन्होंने पहले हल्के अंदाज में पूछा कि यह किस विधानसभा की बात हो रही है। जैसे ही पत्रकार ने ‘धनघटा’ का नाम लिया, अखिलेश मुस्कुराए और बोले, “हम दोनों मिलकर इस बार उन्हें ही डुबो देंगे, यह उन्हें बता देना।”
उन्होंने आगे कहा कि इस बार जनता का रुख बदल चुका है और भाजपा के खिलाफ माहौल बन रहा है। उनका दावा है कि आगामी चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और कई जगहों पर उनकी जमानत तक जब्त हो सकती है।
PDA फॉर्मूले पर भरोसा, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
अखिलेश यादव ने अपने बयान में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को अपनी ताकत बताते हुए कहा कि यह गठबंधन भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता इस बार बदलाव चाहती है और विपक्ष को समर्थन मिलेगा।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर भी जोरदार चर्चा छेड़ दी है। समर्थक इसे ‘दो लड़कों’ की जोड़ी की वापसी के संकेत के रूप में देख रहे हैं, जबकि विरोधी इसे केवल चुनावी बयानबाजी बता रहे हैं।
उधर, जब इस मामले पर भाजपा विधायक गणेश चौहान से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो संपर्क नहीं हो सका।फिलहाल, इस बयानबाजी ने संतकबीरनगर की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और आने वाले चुनाव में इसके असर को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।।