Sant Kabir Nagar News: आग पीड़ितों ने मुआवजे की मांग पर हाईवे जाम किया, पुलिस ने खुलवाया रास्ता
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर में आग से तबाही के बाद पीड़ितों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम किया, पुलिस ने समझाकर रास्ता खुलवाया।
Sant Kabir Nagar News: जनपद के खलीलाबाद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कौवतार की हरिजन बस्ती में बुधवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान के कारण लगी आग ने भारी तबाही मचा दी। इस अग्निकांड में कई ग्रामीणों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से एक भैंस और चार बकरियों की मौत हो गई, जबकि घरों में रखे लाखों रुपये के जेवर, नगदी, अनाज, बेड और बिस्तर सहित अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
इस भारी नुकसान से आक्रोशित पीड़ितों ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे चुरेब स्थित नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। करीब 45 मिनट तक चले इस जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। प्रशासन के पहुंचने पर कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और अधिकारियों से बहस करने लगे। हालांकि, पुलिस ने सूझबूझ और समझाइश के जरिए स्थिति को शांत कराया और जाम खुलवाने में सफलता हासिल की।
मौके पर पहुंचे हल्का लेखपालों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। वहीं, सीओ सदर प्रियम राजशेखर पांडेय ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सरकारी नियमों के तहत जल्द ही उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि विरोध के लिए हाईवे जाम करना उचित नहीं है और इस तरह की गतिविधियों पर कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।