Santkabirnagar News: संतकबीरनगर में ट्रैफिक का बड़ा अभियान, अतिक्रमण हटाए गए
Santkabirnagar News: मेंहदावल बायपास चौराहे पर सघन चेकिंग के दौरान 5 वाहन सीज, कई का चालान, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की कार्रवाई तेज।
संतकबीरनगर में ट्रैफिक का बड़ा अभियान, अतिक्रमण हटाए गए (Photo- Newstrack)
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर: जनपद में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सड़कों को जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम द्वारा मेंहदावल बायपास चौराहा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा, बल्कि सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को भी सख्ती से हटवाया।
वाहनों पर कार्रवाई, नियम पालन की अपील
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने चौराहे के आसपास बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों और सड़क पर कब्जा जमाए अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मोर्चा खोला। कार्रवाई के तहत 5 वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि दर्जनों वाहनों का चालान काटते हुए चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।
सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद आवागमन काफी सुगम हो गया है, जिससे स्थानीय राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस ने बताया कि यह अभियान केवल आज के लिए नहीं है, बल्कि सड़कों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे सड़क पर वाहन पार्क न करें और यातायात नियमों का पालन कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।