Sant Kabir Nagar News: ICSE 12वीं में बिना कोचिंग 96% लाकर संकल्प बने जिला टॉपर, रचा इतिहास

Sant Kabir Nagar News: ICSE 12वीं में 96% अंक हासिल कर संकल्प श्रीवास्तव ने रचा इतिहास, कंप्यूटर में 100/100 अंक, स्वाध्याय से मिली सफलता, परिवार का मिला पूरा सहयोग।

Update:2026-04-30 18:49 IST

ICSE 12वीं में बिना कोचिंग 96% लाकर संकल्प बने जिला टॉपर, रचा इतिहास (Photo- Newstrack)

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर। जनपद के होनहार छात्र संकल्प श्रीवास्तव ने आईसीएसई (ICSE) बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। बजरिया पश्चिमी निवासी दिनेश चंद्र श्रीवास्तव के पुत्र संकल्प ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। संकल्प की इस मेधा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने कंप्यूटर विषय में 100 में से 100 अंक अर्जित कर 'परफेक्ट स्कोर' बनाया है।

संकल्प की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने पूरे साल बिना किसी कोचिंग का सहारा लिए केवल स्वाध्याय (Self-study) के दम पर यह मुकाम हासिल किया। मेधा उन्हें विरासत में मिली है; हाईस्कूल में भी वे जिले में चौथे स्थान पर रहे थे, वहीं उनकी बड़ी बहन आकृति भी सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के बीएड में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्यपाल के हाथों स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।


बचपन में ही माता के निधन के बाद संकल्प के पिता, बड़ी बहनों और उनके बड़े भाई विशाल श्रीवास्तव (जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी) ने उन्हें संबल दिया। संकल्प ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बड़े भाई के मार्गदर्शन और बहनों के सहयोग को दिया है।


भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए संकल्प ने बताया कि उनका सपना आईआईटी (IIT) में प्रवेश पाकर कंप्यूटर साइंस से बी.टेक करने का है। पढ़ाई के प्रति उनके समर्पण और बिना किसी ट्यूशन के मिली इस बड़ी कामयाबी ने जनपद के अन्य छात्रों के लिए एक मिसाल पेश की है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Tags:    

Similar News