Sant Kabir Nagar News: ब्यूटी पार्लर संचालिका का संदिग्ध हालात में शव मिला, जताई हत्या की आशंका
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर के खलीलाबाद में ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव फंदे से लटकता मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी।
Sant Kabir Nagar News: जिले के मुस्तफा मार्केट में उस समय सनसनी फैल गई जब एक ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ मिला। मृतका की पहचान 23 वर्षीय रानी साहिबा के रूप में हुई है, जो बरदहिया बाजार स्थित “एंजल ब्यूटी पार्लर” का संचालन करती थीं।
सुबह से शाम तक का घटनाक्रम
परिजनों के अनुसार, रानी साहिबा रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे अपना पार्लर खोलने गई थीं। शाम करीब 7:30 बजे जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई और फोन रिसीव नहीं हुआ, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वे पार्लर पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचा परिवार
परिजनों ने जब दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया तो तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के पास रानी साहिबा का शव फंदे से लटकता मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल खलीलाबाद ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल की प्रकाश दूबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है।