Shravasti News: NH-730 पर किसान संगठन का धरना, सड़क जाम करने पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Shravasti News: श्रावस्ती के गिलौला में किसान संगठन ने NH-730 पर धरना देकर सड़क जाम कर दी। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

Update:2026-08-08 20:47 IST

Shravasti News

Shravasti News: भारतीय किसान अराजनैतिक दल के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा गुरुवार को गिलौला ब्लॉक के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-730 (बहराइच-बलरामपुर मार्ग) पर धरना देकर सड़क जाम कर दिए जाने से करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

क्या था मामला? 

थाना गिलौला क्षेत्र में 7 अगस्त को दोपहर किसान संगठन के लोग ब्लॉक कार्यालय के सामने एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने NH-730 पर वाहनों का आवागमन रोक दिया, जिससे बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया।सूचना पर थाना गिलौला पुलिस, खंड विकास अधिकारी गिलौला और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और धरनारत लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं हुए और नारेबाजी जारी रखी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

प्रशासन की तहरीर के आधार पर थाना गिलौला में भारतीय किसान अराजनैतिक दल के पदाधिकारियों और अज्ञात सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 143/2026 के तहत धारा 126(2), 223, 270 और 189(2) बीएनएस के साथ ही धारा 8B राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना प्रचलित है।सड़क जाम होने से एंबुलेंस सहित दर्जनों वाहन फंसे रहे। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आवागमन सामान्य हो सका।अधिकारियों का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन सार्वजनिक मार्ग बाधित कर आमजन को परेशान करना विधि-विरुद्ध है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News