Siddharthnagar News: बांसी में भीषण आग के बीच पुलिस ने 8 लोगों को सुरक्षित निकाला, टली बड़ी जनहानि
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के बांसी में भीषण आग के बीच पुलिस ने साहस दिखाते हुए भवन में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से बड़ी जनहानि टल गई।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: बांसी कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार स्थित सीएस मोहल्ले में शनिवार को एक भवन के निचले तल में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बांसी पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और फायर सर्विस तथा उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान (IPS) और क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया।घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण बड़ी फायर सर्विस गाड़ी को माधव मेला ग्राउंड में खड़ा करना पड़ा। इसके बाद छोटी फायर सर्विस गाड़ी को घटनास्थल के नजदीक ले जाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। इसी दौरान आग की तीव्रता के कारण भवन में रखे दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया, जिससे लकड़ी की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हालात बेहद जोखिमपूर्ण होने के बावजूद पुलिस कर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए भवन में प्रवेश किया और अंदर फंसे आठ लोगों को सकुशल बाहर निकाला। इनमें एक व्यक्ति पक्षाघात से पीड़ित था। पुलिस कर्मियों ने विशेष प्रयास कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए बांसी अस्पताल भेजवाया।पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त कार्रवाई से आग पर काबू पाया गया और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। पुलिस की त्वरित, साहसिक और मानवीय कार्रवाई से संभावित बड़ी जनहानि को समय रहते टाल दिया गया।