Siddharthnagar News: स्वास्थ्य केंद्र मिठवल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, दो कर्मचारी मिले अनुपस्थित

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र मिठवल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिस पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

Update:2026-08-12 17:49 IST

Siddharthnagar News(Photo-Social Media)

Siddharthnagar News: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठवल, तिलौली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

डीएम ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। पंजिका के अनुसार 32 कर्मचारियों के सापेक्ष दो कर्मचारी विक्रम सिंह एवं मनीष पाण्डेय अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने आकस्मिक कक्ष, एक्स-रे कक्ष, महिला वार्ड, औषधि वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष एवं लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

डीएम ने एमओआईसी को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित होकर मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को बाहर से दवाएं न लिखी जाएं और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं का ही नियमानुसार वितरण कराया जाए।

डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर, वार्डों और अन्य कक्षों में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

Tags:    

Similar News