Siddharthnagar News: भारतभारी मेले में स्व-गणना केंद्र और सेल्फी पॉइंट से जागरूकता बढ़ाने की पहल

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में एडीएम न्यायिक डॉ. ज्ञान प्रकाश ने लोगों से 30 नवंबर तक स्व-गणना करने और आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की।

Update:2026-11-24 20:37 IST

भारतभारी मेले में स्व-गणना केंद्र और सेल्फी पॉइंट से जागरूकता बढ़ाने की पहल (Photo- Newstrack)

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश में स्व-गणना का कार्य 16 नवंबर से चल रहा है। इसी क्रम में डुमरियागंज में भारतभारी मेला के मंदिर परिसर में स्व-गणना केंद्र और "स्व-गणना कैसे करें?" थीम पर सेल्फी पॉइंट बनाया गया है।

अपर जिला अधिकारी (न्यायिक) डॉ. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि केंद्र पर पहुँचकर लोग यह जानकारी ले सकते हैं कि जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना किस प्रकार की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से लोग स्वयं जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों में भी जागरूकता फैला सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह भारत की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना है, जो डिजिटल उपकरणों से कराई जा रही है। पहले चरण में मकानों की सूची और आवास संबंधी जानकारी जुटाई गई, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना हो रही है, जिसमें परिवार के हर सदस्य का विवरण दर्ज किया जाएगा।


डॉ. ज्ञान प्रकाश द्वारा बताया गया कि स्व-गणना एक सुरक्षित और सरल वेब-आधारित सुविधा है, जो 16 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। नागरिकों को se.census.gov.in पर जाकर राज्य चुनना और कैप्चा भरना होगा। इसके बाद अपनी भाषा चुनकर घर के मुखिया के मोबाइल नंबर पर आया OTP दर्ज करना होगा। फिर डिजिटल नक्शे पर घर की सही जगह चिह्नित कर परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरनी होगी। जमा करने के बाद मिलने वाली 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखना चाहिए।

उन्होंने अपील की कि सभी लोग 30 नवंबर 2026 की अंतिम तिथि से पहले स्व-गणना अवश्य कर लें। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे, जिन्हें परिवार को अपनी SE ID दिखानी होगी। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का दौर चलेगा। सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है। अधिक जानकारी आधिकारिक वेबसाइट censusindia.gov.in पर उपलब्ध है।

इस अवसर पर उप जिला अधिकारी विवेकानंद मिश्र, तहसीलदार अभिषेक कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News