Sitapur News: इंडी गठबंधन और पाकिस्तान का डीएनए एक जैसा: सीएम योगी

Sitapur News: सीएम योगी ने मोहनलाल गंज लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश में विकास को नहीं देख सकता।

Report :  Sami Ahmed
Update: 2024-05-12 12:21 GMT

सीएम योगी आदित्यनाथ। (Pic: Newstrack)

Sitapur News: मोहनलालगंज संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जिले की सिधौली विधानसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी/केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के समर्थन में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने भारत माता की जय एवं वंदे मातरम से की। सिधौली के बाबा विश्वेश्वर धाम को प्रणाम करते हुए अपनी बात प्रारंभ की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में तीन चरण का चुनाव पूरा हो चुका है, कल चौथे चरण का चुनाव होना है और मोहनलालगंज 20 मई को मतदान करेगा। देश में एक हवा चल रही है और वह हवा सुनामी बनने वाली है। उस हवा का एक ही भाव है फिर एक बार मोदी सरकार।

देश के विकास नहीं देखना चाहता विपक्ष

सीएम योगी ने कहा कि अबकी बार 400 पार के बारे में लोगों से पूछा जाता है कि ऐसा भाव क्यों है तब वह एक ही जवाब देते हैं कि जो राम को लाए हैं हम उनको लायेंगे।मुख्यमंत्री ने बताया की दिल्ली की सत्ता का संचालन एक राम भक्त कर रहा है। राम अपने भक्त पर कृपा जरूर करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा की एक तरफ राम भक्त हैं तो दूसरी तरफ ऐसे लोग हैं जो भ्रष्टाचारी हैं और देश के विकास को देखना नहीं चाहते। ऐसी श्रेणी में दो लोग आते हैं। एक इंडी गठबंधन और दूसरा पाकिस्तान। दोनों के स्वर भगवान राम के विरोध और भारत के अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछडे़ वर्ग का अपमान, बेटियों एवं व्यापारियों की सुरक्षा के विरोध में हैं।

भारत इतिहास के मोड़ पर

हमें देश की सत्ता को नरेंद्र मोदी जी को सौंप कर आत्मनिर्भर व विकसित भारत बनाना है। हम इतिहास के उस मोड़ पर खड़े हैं जहां भारत नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित एवं आत्मनिर्भर बनने के मार्ग पर प्रशस्त हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि आज सीतापुर के नैमिषारण धाम का अयोध्या धाम के तर्ज पर विकास हो रहा है। किसान पथ को मोहनलालगंज से जोड़ा गया है। रेलवे की सीतापुर से लखनऊ को जोड़ने वाली छोटी लाइन को बड़ी लाइन कर दिया गया है, जिस पर ट्रेन बुलेट ट्रेन की स्पीड से दौड़ रही है। कांग्रेस के समय कोयले की ट्रेने अस्तित्व विहीन थी। आज भाजपा सरकार में चारों तरफ हाईवे बनाए जा रहे हैं। लखनऊ के एयरपोर्ट का विश्व स्तरीय विकास हुआ है, आईआईटी,आईआईएम, मेडिकल कॉलेज बनाये जा रहे हैं जिससे जनता लाभान्वित हो रही है।

सरकार ने खत्म की भुखमरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि कांग्रेस के समय में जनता और गरीब भूख से मरते थे। आज नरेंद्र मोदी सरकार ने मुक्त राशन देकर भुखमरी को समाप्त किया है। कांग्रेस के शासन में जहां किसान आत्महत्या करते थे, आज किसानों के लिए निरंतर कार्य किया जा रहे हैं। किसान सम्मन निधि पाकर किसान खुशहाल है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन पर आरोप लगाया कि यह गठबंधन जजिया कर के रूप में संपत्ति टैक्स वसूलना चाहता है। जनता की मेहनत की कमाई लूटना चाहते हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में अल्पसंख्यकों को मनमाने भोजन के अधिकार की बात कही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया यह भोजन वही है जिसे हिंदू अपनी आस्था मानता है।

पाकिस्तान और इंडी गठबंधन का डीएनए एक जैसा

मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह से सवाल करते हुए कहा क्या हिंदू ऐसे गठबंधन को मतदान करेगा जो उसकी आस्था की हत्या करने की सोच रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पाकिस्तान और इंडी गठबंधन का डीएनए एक जैसा दिख रहा है। उनकी सरकार में गरीब जनता भूखे मर रही थी और पाकिस्तान की जनता भी भूख से मर रही है। अंत में मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कांग्रेस अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के आरक्षण से छेड़छाड़ करके संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर का अपमान करने पर तुली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एससी एसटी ओबीसी का आरक्षण काट कर कांग्रेस मुसलमानों को देने की नीति बना रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार धर्म के आधार पर आरक्षण कभी स्वीकार नहीं करती और न इसे लागू होने देगी। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी से 20 मई को कमल वाले बटन को दबाकर बीजेपी प्रत्याशी को जिताने की अपील की।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर सीतापुर जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया एवं अपने स्वागत भाषण में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महत्व पर एवं प्रदेश में हो रहे चौमुखी विकास पर विशेष प्रकाश डाला। कार्यक्रम को भाजपा प्रत्याशी कौशल किशोर सिधौली विधायक मनीष रावत एमएलसी पवन सिंह चौहान लखनऊ जिला अध्यक्ष विनय सिंह पूर्व विधान परिषद सदस्य भारत त्रिपाठी पूर्व विधान परिषद सदस्य राकेश सिंह आदि ने संबोधित किया कार्यक्रम का संचालन सीतापुर जिला प्रभारी नीरज सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News