Sitapur News: बाढ़ के हालात जानने पहुंचे प्रभारी मंत्री, सामने आई ये हकीकत

Sitapur News: प्रभारी मंत्री ने राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री।

Update: 2023-08-29 13:28 GMT
स्वास्थ्य व प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह पीएम आवास की चाबी सौंपते हुए: Photo-Newstrack

Sitapur News: सीतापुर में एक दिवसीय दौरे पर आए राज्यमंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य व प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने रामपुरमथुरा विकासखंड के ग्राम अखरी एवं अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वहां राहत कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

बाढ़ पीड़ितों का जाना हालचाल

मयंकेश्वर शरण सिंह ने गनेशपुर चहलारी बांध पर जाकर निरीक्षण किया एवं स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समस्त व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। गनेशपुर चहलारी बांध में ग्राम अखरी के निकट रपटा के निर्माण हेतु परियोजना बनाए जाने के निर्देश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिए गए। आबादी के निकट रैम्प व्यवस्थित कराए जाने के लिए भी निर्देशित किया गया।

ग्रामीणों को बांटी राहत सामग्री

मंत्री ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिये कि गांव में सौर ऊर्जा से चलने वाले प्रकाश उपकरण का वितरण व्यापक स्तर पर सुनिश्चित कराया जाए। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में जर्जर व लटके विद्युत तारों का भी व्यवस्थापन ठीक कराऐ जाने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की मांग पर प्यारेपुरवा से गोदहा रोड तक पक्का रास्ता बनाये जाने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके उपरान्त प्रभारी मंत्री ने ग्राम अखरी व अन्य ग्रामों के परिवारों को राहत सामग्री किट, टार्च आदि का वितरण किया। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों से कहा कि सरकार हर सम्भव मदद करने हेतु तत्पर है तथा बाढ़ से निपटने के लिये निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं।

पीएम आवास की सौंपी चाभियां

प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत गोलक कोडर में आयोजित बाढ़ राहत सहायता शिविर में बाढ़ पीड़ितों को राहत किट वितरित की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को चाभी का वितरण भी किया। बाढ़ की आपदा के समय बेहतर कार्य करने पर द्वितीय वाहिनी पीएसी के आपदा राहत दल के कंपनी कमांडर जयवीर सिंह को पुरस्कृत भी किया।

Tags:    

Similar News