Sonbhadra News: बूथ से सेक्टर तक संगठन मजबूत करने पर जोर, अपना दल (एस) की समीक्षा बैठक संपन्न

Sonbhadra News: दुद्धी विधानसभा में आयोजित अपना दल (एस) की समीक्षा बैठक में सेक्टर कमेटियों के गठन, नियमित बैठकों और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Update:2026-05-29 21:02 IST

बूथ से सेक्टर तक संगठन मजबूत करने पर जोर, अपना दल (एस) की समीक्षा बैठक संपन्न (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। विधानसभा दुद्धी (403) अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम बीड़र में अपना दल (एस) की जोन एवं सेक्टर स्तरीय समीक्षा बैठक विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सेक्टर कमेटियों के गठन एवं पुनर्गठन, नियमित बैठकों की कार्ययोजना और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय कार्यकर्ता जरूरी : प्रीति सिंह

बैठक की मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला मंच प्रीति सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि सेक्टर एवं बूथ स्तर पर मजबूत कार्यकर्ता तंत्र तैयार किए बिना संगठन को व्यापक रूप से मजबूत नहीं किया जा सकता। उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव एवं जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के बीच पार्टी की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जानी चाहिए।

नियमित बैठकें संगठन की आधारशिला : विनोद यादव

अति विशिष्ट अतिथि जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि नियमित बैठकें और सक्रिय सेक्टर कमेटियां किसी भी संगठन की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतर सहभागिता बनाए रखें और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।


समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत

विशिष्ट अतिथियों ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड़, जिला सचिव उदित पटेल एवं पंचायत मंच के जिलाध्यक्ष राम सुरेश कुशवाहा ने संयुक्त रूप से कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत सेक्टर इकाइयां होती हैं। उन्होंने कहा कि नियमित बैठकों, सतत जनसंपर्क और सक्रिय सहभागिता के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

डॉ. सोनेलाल पटेल के विचार आज भी प्रासंगिक : निरंजन जायसवाल

बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने कहा कि अपना दल (एस) के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल के सामाजिक न्याय, समान अवसर और सर्वसमाज के सम्मान के विचार आज भी पार्टी की कार्यशैली के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि इन विचारों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए संगठन की प्रत्येक इकाई को सक्रिय एवं जवाबदेह बनाना जरूरी है।

उन्होंने सेक्टर कमेटियों के गठन को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक सेक्टर में नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे संगठनात्मक संवाद और जनसंपर्क की प्रक्रिया निरंतर चलती रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाने, क्षेत्र में सक्रिय रहने और पार्टी की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हर महीने तय तिथियों पर होंगी संगठनात्मक बैठकें

निरंजन जायसवाल ने बताया कि पार्टी द्वारा प्रत्येक माह निर्धारित कार्यक्रमों के तहत 10 तारीख को विधानसभा स्तरीय बैठक, 12 तारीख को जोन स्तरीय बैठक तथा 15 तारीख को सेक्टर स्तरीय बैठक आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जोन के अंतर्गत सभी सेक्टरों में नियमित बैठकें अनिवार्य रूप से कराई जाएं और उनकी प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं जिला स्तर पर संगठनात्मक समीक्षा लगातार की जाती है, इसलिए सभी पदाधिकारी जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत सेक्टर, सक्रिय बूथ और समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और यही पार्टी की विचारधारा तथा जनसेवा के संकल्प को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का माध्यम बनते हैं।

बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष अमर सिंह खरवार, विधानसभा उपाध्यक्ष राजपाल कुशवाहा, विधानसभा महासचिव रमेश उर्फ गुड्डू गुप्ता, हरिप्रसाद सलबंधी, सुधीर कुमार, भगवान दास गुप्ता, माधव सिंह गोंड़, सुशील शर्मा, राहुल पाल, दिनेश गुप्ता, सुरेश पासवान, राम अवतार गोंड़, रामबरन बैसवार, बलि सिंह गोंड़, गुलाब जायसवाल, रवि कुमार रौनियार, महेंद्र जायसवाल, तुषार पटेल, सोनू जायसवाल, विनोद कुमार, परमेश्वरी चौबे, उमेश पटेल, विश्वजीत पाठक, कमलेश गुप्ता, शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News