Sonbhadra News: शराबी पति बना पत्नी की मौत का कारण, गला दबाकर हत्या के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

Sonbhadra News: सोनभद्र के शक्तिनगर क्षेत्र में शराब के नशे में पति द्वारा पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Update:2026-05-29 21:39 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद एक महिला की मौत पर खत्म हो गया। शराब के नशे में घर पहुंचे पति पर पत्नी का गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शक्तिनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना में प्रयुक्त आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, सिंगरौली जनपद के बैढ़न थाना क्षेत्र निवासी फुलमती देवी ने शक्तिनगर थाने में सूचना देकर बताया कि उसकी पुत्री आशा देवी अपने पति महेंद्र गुप्ता के साथ शक्तिनगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहती थी। 27 मई की रात महेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कपड़े से गला दबा दिया, जिससे आशा देवी अचेत होकर गिर पड़ी। हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस कार्रवाई से आरोपी चढ़ा हत्थे

घटना की सूचना मिलते ही शक्तिनगर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मिली तहरीर के आधार पर थाना शक्तिनगर में मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी महेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

रेलवे अंडरपास से दबोचा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को बोदरा बाबा रेलवे पुल अंडरपास क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अदद लेगी भी बरामद की। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।गिरफ्तार आरोपी महेंद्र गुप्ता मूल रूप से ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला का निवासी बताया गया है, जबकि वर्तमान में वह शक्तिनगर क्षेत्र के खड़िया बाजार में रह रहा था।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव, कांस्टेबल उमेश कुमार गौतम तथा कांस्टेबल प्रशान्त श्रीवास शामिल रहे।

Tags:    

Similar News