Sonbhadra: जंगल में मिला अधेड़ का शव, गला काटकर हत्या की आशंका से क्षेत्र में फैली सनसनी
Sonbhadra News: सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में जंगल से अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजदेव कुशवाह के रूप में हुई है। गले और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वन विभाग की कटौंधी बीट में शुक्रवार को एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए मामला हत्या से जुड़ा माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि जंगल क्षेत्र में लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने जैसे निशान मिले हैं, जबकि सिर पर भी गंभीर चोट के निशान दिखाई पड़े हैं। ऐसे में गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान कुंडाडीह निवासी राजदेव कुशवाह पुत्र अजुपा के रूप में की गई। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के पुत्र सहित अन्य परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस परिस्थिति में शव मिला है, उससे मामला सामान्य मौत का नहीं लग रहा। पुलिस आसपास के इलाके में जांच कर रही है तथा घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।म्योरपुर पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।