Sonbhadra News: रॉंग साइड वालों के लिए ‘वीआईपी एंट्री’! पुलिस का अनोखा अभियान बना चर्चा का विषय
Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने रॉंग साइड ड्राइविंग रोकने के लिए चोपन में अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। व्यंग्यात्मक संदेशों और सेल्फी बूथ के जरिए लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
Sonbhadra News
Sonbhadra News: सड़क पर जल्दबाजी, लापरवाही और रॉंग साइड ड्राइविंग अब लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। आए दिन हो रहे हादसों के बीच सोनभद्र पुलिस ने ट्रैफिक नियमों को लेकर ऐसा अनोखा और तीखा जागरूकता अभियान चलाया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। चोपन कस्बे में लगाए गए “सेल्फी स्टेशन/फोटो बूथ” पर लिखे संदेश लोगों को हंसाते भी रहे और झकझोरते भी रहे।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी के नेतृत्व में थाना चोपन क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान लगाए गए संदेश लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहे। “Wrong Side Driving Champion”, “गलत साइड = हादसे की फास्ट ट्रैक टिकट”, “भइया, सड़क शॉर्टकट नहीं होती”, “गलत दिशा में गाड़ी, सही दिशा में शर्मिंदगी”, “मेरी जल्दी किसी की जिंदगी से बड़ी नहीं”, “जिंदगी फिल्म नहीं है, रीटेक नहीं मिलेगा”, “आज सेल्फी मिल रही है, कल एम्बुलेंस भी मिल सकती है” और “आ जाइए, गलत साइड वालों के लिये वीआईपी एंट्री खुली है” जैसे तीखे और व्यंग्यात्मक संदेशों के जरिए वाहन चालकों को नियमों का महत्व समझाया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सेल्फी लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि कुछ सेकेंड की जल्दबाजी किसी परिवार की जिंदगी उजाड़ सकती है। रॉंग साइड ड्राइविंग केवल नियम तोड़ना नहीं, बल्कि मौत को न्योता देना है।यातायात पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को सही दिशा में वाहन चलाने, हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को फूल और पानी देकर सम्मानित भी किया गया, जिससे लोगों में सकारात्मक संदेश गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर जिम्मेदारी और अनुशासन ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने के लिए जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से रॉंग साइड ड्राइविंग से बचने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।इस दौरान यातायात निरीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह समेत यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे भी जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इसी तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।