Sonbhadra News: दुद्धी ब्लॉक सभागार में प्रधानों का महाजुटान, विकास योजनाओं को रफ्तार देने का ऐलान
Sonbhadra News: सोनभद्र के दुद्धी ब्लॉक सभागार में ग्राम प्रधानों की बैठक में नई प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ विकास योजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाने का ऐलान किया गया।
Sonbhadra News(Photo-Social Media)
Sonbhadra News: सोनभद्र जनपद के दुद्धी ब्लॉक सभागार में बुधवार को ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त प्रशासक बंधुओं की मौजूदगी में प्रदेश सरकार द्वारा वर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर खुशी जताई गई और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही पंचायतों में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने और जनहित योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मौजूद प्रधानों ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत इकाई हैं और गांवों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में ग्राम प्रधानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निभाया जाएगा।
प्रधानों ने यह भी कहा कि गांवों में अधूरे पड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रधान संघ अध्यक्ष ने जताया आभार
प्रधान संघ की अध्यक्ष गुंजा कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम प्रधान गांव, जनता और सरकार के बीच विश्वास की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने सभी प्रधानों से एकजुट होकर पंचायतों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय पंचायत व्यवस्था को और मजबूत करने वाला कदम साबित होगा।
ओबीसी आरक्षण प्रक्रिया पर भी हुई चर्चा
बैठक का संचालन अपना दल के विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान निरंजन जायसवाल ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार ओबीसी आरक्षण प्रक्रिया को निष्पक्ष और संवैधानिक दायरे में पूरा कराने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने पंचायत चुनाव प्रक्रिया में हो रही देरी को सामाजिक न्याय और पारदर्शिता के लिहाज से आवश्यक बताया और कहा कि सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर निष्पक्ष तरीके से कार्य कर रही है। बैठक के दौरान प्रधानों ने सरकार के समर्थन में नारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर सीता जायसवाल, राम प्रसाद यादव, जगत नारायण, त्रिभुवन यादव, अरविंद जायसवाल, संजय कुशवाहा, सरजू प्रसाद यादव, शिवकुमार यादव प्रतिनिधि, बृजेश कुशवाहा, कृपा शंकर कुशवाहा, अभय कुमार, किशु सिंह और शेषनाथ प्रसाद सहित बड़ी संख्या में प्रधान और प्रतिनिधि मौजूद रहे।