Sonbhadra News : वर्ल्ड चैंपियनशिप में चमका सोनभद्र का सितारा, रेणुकूट के रवि सिंह ने जीता रजत पदक
Sonbhadra News : रेणुकूट के खिलाड़ी रवि सिंह ने रोमानिया में आयोजित वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
Sonbhadra News
Sonbhadra News : जनपद सोनभद्र के औद्योगिक नगर रेणुकूट ने एक बार फिर पूरे देश का मान बढ़ाया है। हिण्डाल्को रेणुकूट में कार्यरत खिलाड़ी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमानिया की राजधानी बुकारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप-2026 में रजत पदक अपने नाम कर इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल हिण्डाल्को परिवार बल्कि पूरा सोनभद्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
20 से 24 मई तक चली इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में दुनिया के 37 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रवि सिंह ने दमदार प्रदर्शन किया और फाइनल तक का सफर तय कर सिल्वर मेडल जीत लिया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे की शान बढ़ाने वाले रवि सिंह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्हें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला।
मेहनत, अनुशासन और संघर्ष ने दिलाई पहचान
रेणुकूट निवासी रवि सिंह स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं। साधारण परिवेश से निकलकर विश्व स्तर तक पहुंचने की उनकी यात्रा संघर्ष, समर्पण और कठोर अभ्यास की मिसाल बन गई है। हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने नौकरी के साथ खेल के प्रति अपने जुनून को कभी कम नहीं होने दिया। लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने वह मुकाम हासिल किया, जिसका सपना हर खिलाड़ी देखता है।
विश्व चैंपियनशिप के लिए रवाना होने से पहले हिण्डाल्को रेणुकूट प्रबंधन ने रवि सिंह को सम्मानपूर्वक शुभकामनाओं के साथ विदा किया था। हिण्डाल्को के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा, बॉयलर को-जेन विभाग के प्रमुख कैलाश प्रधान समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी सफलता की कामना करते हुए इसे पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया था।
“देश के लिए खेलना सबसे बड़ा सम्मान”
अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए रवि सिंह ने कहा कि देश के लिए खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा गौरव है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, सहयोगियों और हिण्डाल्को प्रबंधन को दिया। रवि सिंह ने कहा कि हर कठिन परिस्थिति में उन्हें परिवार और साथियों का पूरा सहयोग मिला, जिसने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि यह पदक सिर्फ उनका नहीं बल्कि उन सभी लोगों का है जिन्होंने उन पर विश्वास किया और हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। भविष्य में भी वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करने का प्रयास करते रहेंगे।
रवि सिंह की इस उपलब्धि के बाद रेणुकूट और पूरे सोनभद्र जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। हिण्डाल्को परिवार ने भी इसे संस्था के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए रवि सिंह के जज्बे और मेहनत की सराहना की है।