Sonbhadra News: शराब, झगड़ा और मौत: पत्नी की गला दबाकर हत्या, 25 साल पुराने रिश्ते का दर्दनाक अंत
Sonbhadra News: शक्तिनगर में घरेलू विवाद के बाद पति ने गमछे से पत्नी का गला दबाया, अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत हो गई।
शराब, झगड़ा और मौत: पत्नी की गला दबाकर हत्या, 25 साल पुराने रिश्ते का दर्दनाक अंत (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शराब के नशे, घरेलू कलह और बेकाबू गुस्से ने 25 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को ऐसी भयावह परिणति तक पहुंचा दिया, जहां एक पत्नी की जिंदगी अपने ही पति के हाथों खत्म हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
पुलिस के अनुसार थाना शक्तिनगर को सूचना मिली कि महेंद्र नामक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी का गला गमछे से दबा दिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। गुस्से और नशे में चूर महेंद्र ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया और गमछे से उसका गला कस दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।
मामला घरेलू विवाद और शराब जुड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही शक्तिनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद और शराब के नशे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा। जिस घर में वर्षों तक साथ रहने की कसमें खाई गईं, उसी घर में एक महिला की जिंदगी बेरहमी से खत्म हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत और मायूसी का माहौल है।
पुलिस ने दी जानकारी
क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय ने बताया कि थाना शक्तिनगर क्षेत्र के अंतर्गत शराब के नशे और पारिवारिक विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी का गला दबाने की घटना सामने आई है। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय महिला की मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शराब और घरेलू हिंसा किस तरह परिवारों को बर्बादी की कगार पर पहुंचा रही है। छोटी-छोटी कहासुनी जब हिंसा में बदलती है तो उसका अंत अक्सर इसी तरह भयावह होता है।