Sonbhadra News: विवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव, पति पर गंभीर आरोप

Sonbhadra News: सोनभद्र के शक्तिनगर क्षेत्र में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं, पुलिस जांच और फोरेंसिक टीम जुटी।

Update:2026-05-05 16:44 IST

Sonbhadra News: सोनभद्र के शक्तिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीना चौकी के धरसड़ी गांव के पहाड़ी टोला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 36 वर्षीय विवाहिता मीना देवी का शव घर के भीतर साड़ी के फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

रात में हुआ विवाद, सुबह मिली दर्दनाक खबर

जानकारी के अनुसार, मीना देवी अपने पति प्रदीप कुमार के साथ सोमवार रात घर पर मौजूद थीं। परिजनों का कहना है कि पति के घर लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि मारपीट तक पहुंच गया। घटना के दौरान घर में मौजूद बच्चे डरकर पास ही अपनी दादी के घर चले गए। रात के बाद सुबह जब बच्चे वापस घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर बच्चे जोर-जोर से रोने लगे और आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते पूरे गांव में यह खबर फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

बच्चों के आरोप और चौंकाने वाला दावा

परिजनों और बच्चों ने इस घटना को लेकर कई गंभीर बातें कही हैं। बच्चों का कहना है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही उनके पिता ने शव को फंदे से उतार दिया था। इसके अलावा, उनका यह भी दावा है कि घटना के समय उनके पिता घर के अंदर ही मौजूद थे और पास की चारपाई पर सो रहे थे। इन बयानों ने मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है, जिससे पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है।

मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के मायके पक्ष ने भी दामाद प्रदीप कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रदीप कुमार अक्सर मीना देवी के साथ मारपीट और विवाद करता था। परिवार ने इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चार बच्चों का उजड़ा परिवार

मीना देवी अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। वह बीना कॉलोनी में घरों में झाड़ू-पोछा करके अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।

पुलिस जांच और फोरेंसिक टीम की कार्रवाई

बीना चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Tags:    

Similar News